विजय चौक में बंदरों के झुंड से जनजीवन प्रभावित, घरों में कैद होने को मजबूर लोग

SHARE:

राहुल मदेरणा ने नगर निगम एवं वन विभाग से बंदरों को सुरक्षित स्थान पर भेजने और मानवीय तरीके से स्थायी समाधान करने की मांग की

भरतपुर। शहर के नीम दरवाजा स्थित विजय चौक क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से बंदरों के कई झुंडों ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बंदरों की बढ़ती गतिविधियों के चलते लोगों का घरों से बाहर निकलना, बच्चों का खेलना और छतों पर बैठकर धूप सेंकना तक मुश्किल हो गया है। क्षेत्रवासियों में बंदरों के आक्रामक व्यवहार को लेकर चिंता बनी हुई है।

स्थानीय निवासी राहुल मदेरणा ने बताया कि बंदर घरों के गेट और खिड़कियां खटखटाते हैं। छतों पर उत्पात मचाने के साथ वाहनों पर चढ़कर नुकसान पहुंचाते हैं। इसके अलावा वाई-फाई, डिश और बिजली के तारों पर उछल-कूद करते रहते हैं। दिन के समय सड़कों पर झुंड बनाकर बैठने और लोगों की ओर आक्रामक होने से राहगीरों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक भी चिंतित हैं।

हालात यह हैं कि बंदरों के डर से लोग दरवाजे खुले रखने और बच्चों को घरों से बाहर खेलने देने में भी हिचकिचा रहे हैं। घरों में रखे सामान, पेड़-पौधों और खाद्य सामग्री को नुकसान पहुंचने के साथ गंदगी फैलने की आशंका भी बनी रहती है। बंदरों के मल-मूत्र और दूषित खाद्य पदार्थों से संक्रमण का खतरा भी हो सकता है।

राहुल मदेरणा का कहना है कि बंदर भी प्रकृति का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनके प्राकृतिक आवास तथा भोजन की व्यवस्था सुरक्षित रहनी चाहिए, लेकिन रिहायशी इलाकों में इंसानों और वन्यजीवों के बीच इस तरह टकराव की स्थिति उचित नहीं है।

उन्होंने नगर निगम प्रशासन एवं वन विभाग से मांग की है कि विशेषज्ञों की मदद लेकर बंदरों को सुरक्षित और मानवीय तरीके से किसी उपयुक्त प्राकृतिक आवास या सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था की जाए, जहां उनके लिए पर्याप्त भोजन और रहने का अनुकूल वातावरण उपलब्ध हो सके। इससे वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ विजय चौक के रहवासियों को भी राहत मिल सकेगी।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें