शराब… समस्या से समाधान तक: गांव-गांव पहुंच रही सागर पुलिस, लोगों को कर रही जागरूक

SHARE:

बंडा की दुखद घटना के बाद पुलिस ने शुरू की विशेष पहल, रात्रि में ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से कर रही संवाद; शराब सेवन से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना अभियान का लक्ष्य

सागर। बंडा में शराब सेवन से जुड़ी दुखद घटना के बाद सागर पुलिस ने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विशेष जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। इस पहल के तहत पुलिस गांव-गांव पहुंचकर लोगों को शराब के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर रही है। अभियान का उद्देश्य केवल शराब सेवन से दूर रहने की समझाइश देना नहीं, बल्कि सामाजिक और पारिवारिक सहभागिता के माध्यम से लोगों का जीवन सुरक्षित रखना भी है।

पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया और नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत पुलिस अधिकारी और कर्मचारी दिनभर की ड्यूटी के बाद रात्रि में ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर रहे हैं। वे ग्रामीणों के साथ बैठक कर सीधे संवाद स्थापित कर रहे हैं और शराब से होने वाले नुकसान की जानकारी दे रहे हैं।

गांव के प्रभावशाली लोगों को अभियान से जोड़ रही पुलिस

सागर पुलिस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए गांव के समझदार, प्रतिष्ठित और सामाजिक रूप से प्रभावशाली लोगों को चिह्नित कर रही है। ऐसे लोगों का समूह तैयार किया जा रहा है, जो ग्रामीणों को शराब के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर सकें। पुलिस का मानना है कि समाज के जिम्मेदार लोगों की सहभागिता से इस अभियान को व्यापक रूप दिया जा सकता है।

बीमार और शराब का सेवन करने वालों पर विशेष नजर

अभियान के दौरान पुलिस ऐसे लोगों की भी पहचान कर रही है, जो किसी बीमारी से पीड़ित होने के बावजूद शराब का सेवन करते हैं। पुलिसकर्मी उनसे व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर शराब के सेवन से स्वास्थ्य और जीवन पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को समझा रहे हैं।

ऐसे लोगों के परिजनों से भी संवाद किया जा रहा है। परिवारों को सलाह दी जा रही है कि वे अपने सदस्यों का विशेष ध्यान रखें, उन्हें अकेला न छोड़ें और पारिवारिक सहयोग के माध्यम से शराब की आदत छोड़ने के लिए प्रेरित करें।

दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ग्रामीणों को दिए जा रहे सुझाव

पुलिस ग्रामीणों को समझा रही है कि किसी भी व्यक्ति को शराब के नशे में वाहन नहीं चलाने देना चाहिए। नशे की स्थिति में किसी व्यक्ति को अकेले बाहर जाने से रोकें। यदि किसी की तबीयत बिगड़ती है या असामान्य स्थिति दिखाई देती है तो तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दें। जरूरत पड़ने पर उसे चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराएं।

सागर पुलिस की अपील: सामाजिक जिम्मेदारी निभाएं

सागर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शराब के दुष्परिणामों को गंभीरता से समझें और अपने परिवार तथा समाज के लोगों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदारी निभाएं। पुलिस का मानना है कि जनजागरूकता, पारिवारिक सहयोग और सामाजिक सहभागिता से शराब से जुड़ी समस्याओं को कम किया जा सकता है।

पुलिस का यह अभियान कानून व्यवस्था तक सीमित न रहकर सामाजिक समस्या के समाधान की दिशा में एक प्रयास है। इसका मूल उद्देश्य शराब के कारण होने वाली अप्रिय घटनाओं और दुर्घटनाओं को रोकना तथा अनमोल जीवन की रक्षा करना है।

सागर पुलिस का संदेश है— आपका विश्वास, हमारी जिम्मेदारी। शराब… समस्या से समाधान तक। जनजागरूकता से सुरक्षित जीवन की ओर एक सार्थक पहल।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें