ऑटो में छूटे बैग में रखे थे महत्वपूर्ण मूल शैक्षणिक दस्तावेज, सीसीटीवी कंट्रोल रूम की टीम ने सुरक्षित वापस दिलाए
सागर। सागर पुलिस की सतर्क निगरानी और तकनीकी दक्षता से एक बार फिर आम नागरिक को बड़ी राहत मिली है। ऑटो में छूटे सिंगरौली निवासी युवक के महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरे बैग को पुलिस कंट्रोल रूम की सीसीटीवी टीम ने करीब 3 से 4 घंटे की लगातार मेहनत के बाद खोज निकाला और सुरक्षित वापस दिलाया। बैग में रखे सभी मूल दस्तावेज सुरक्षित मिलने पर युवक ने सागर पुलिस का आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार सिंगरौली निवासी प्रदीप शाह सागर के एसवीएन कॉलेज में बीटेक में प्रवेश संबंधी कार्य से आए थे। कॉलेज का काम पूरा करने के बाद वे ऑटो से रेलवे स्टेशन जा रहे थे। रास्ते में कटरा क्षेत्र में उतरकर उन्होंने दूसरा ऑटो कर लिया, लेकिन उनका एक बैग पहले ऑटो में ही छूट गया। बैग में महत्वपूर्ण मूल शैक्षणिक सहित अन्य दस्तावेज रखे हुए थे।
रेलवे स्टेशन पहुंचने पर बैग गायब होने का पता चलते ही युवक परेशान हो गए। उन्होंने तत्काल थाना कैंट पहुंचकर पुलिस को इसकी जानकारी दी। थाना कैंट पुलिस ने उन्हें पुलिस कंट्रोल रूम भेजा, जहां उनकी मुलाकात कंट्रोल रूम प्रभारी उप निरीक्षक (रेडियो) आर.के.एस. चौहान से हुई।
कंट्रोल रूम प्रभारी ने युवक को भरोसा दिलाया कि पुलिस बैग खोजने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया को घटनाक्रम से अवगत कराकर सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कराई गई।
कंट्रोल रूम प्रभारी के निर्देशन में महिला प्रधान आरक्षक रेखा रजक ने संबंधित ऑटो की तलाश शुरू की। उन्होंने सबसे पहले उस स्थान के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जहां युवक पहले ऑटो से उतरे थे। इसके बाद शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगे कैमरों की मदद से ऑटो की आवाजाही को लगातार ट्रैक किया गया।
करीब 3 से 4 घंटे की मेहनत और तकनीकी सूझबूझ के बाद एक कैमरे से दूसरे कैमरे तक ऑटो की गतिविधियों का मिलान करते हुए संबंधित ऑटो की पहचान कर उसका रजिस्ट्रेशन नंबर प्राप्त किया गया। ऑटो की फोटो के आधार पर चालक की पहचान कर उससे संपर्क किया गया और उसे पुलिस कंट्रोल रूम बुलाया गया।
आवश्यक पूछताछ और पुष्टि के बाद ऑटो चालक के पास मौजूद बैग प्रदीप शाह को सौंप दिया गया। बैग में रखे सभी मूल दस्तावेज सुरक्षित मिलने पर युवक ने राहत की सांस ली। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम के अधिकारियों और कर्मचारियों की तत्परता एवं मेहनत की सराहना करते हुए सागर पुलिस का हृदय से आभार जताया।
इस पूरी कार्रवाई में कंट्रोल रूम प्रभारी आर.के.एस. चौहान और महिला प्रधान आरक्षक रेखा रजक की विशेष भूमिका रही।
सागर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति या समस्या में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस सहायता के लिए सदैव तत्पर है।
सीसीटीवी से सुरक्षा के साथ जनसेवा भी
सागर शहर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ आम नागरिकों की खोई हुई वस्तुओं को खोजने में भी कारगर साबित हो रहे हैं। पुलिस की सतर्क निगरानी और आधुनिक तकनीक के बेहतर उपयोग से नागरिकों को त्वरित राहत मिल रही है।







