शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर मप्र शिक्षक संघ ने खोला मोर्चा, कलेक्टर सहित अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन

SHARE:

क्रमोन्नत वेतनमान, डीए एरियर्स के भुगतान और बीआरसीसी-बैक-कैडर की नियुक्तियां शीघ्र करने की उठाई मांग, लापरवाही पर जवाबदेही तय करने की मांग

सागर। शिक्षकों की लंबित वित्तीय एवं प्रशासनिक समस्याओं को लेकर मध्यप्रदेश शिक्षक संघ जिला इकाई सागर ने बुधवार को अधिकारियों के समक्ष अपनी मांगें उठाईं। संघ के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण संभाग सागर और जिला शिक्षा अधिकारी के नाम अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर क्रमोन्नत वेतनमान, महंगाई भत्ता (डीए) एरियर्स तथा लंबित अकादमिक पदों पर नियुक्तियां शीघ्र करने की मांग की।

संघ ने ज्ञापन में कहा कि जिले के प्राथमिक, माध्यमिक, सहायक एवं उच्च श्रेणी शिक्षकों को 12, 24, 30 और 35 वर्ष की सेवा पूर्ण करने के बाद भी प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ क्रमोन्नत वेतनमान तथा उसके एरियर्स का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस संबंध में संयुक्त संचालक कार्यालय द्वारा 31 मार्च 2026 को जारी पत्र क्रमांक 2106 और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के 11 नवंबर 2026 के पत्र क्रमांक 10011 के निर्देशों के बावजूद संकुल एवं विकासखंड स्तर पर आवश्यक कार्रवाई नहीं की जा रही है। संघ ने इसके लिए संबंधित लिपिकों की लापरवाही को जिम्मेदार बताया।

नवनियुक्त शिक्षकों और डीए एरियर्स का भुगतान लंबित

संघ ने बताया कि जिले में परिवीक्षा अवधि पूरी कर चुके नवनियुक्त शिक्षकों के वेतन संबंधी स्वत्वों का भुगतान अब तक लंबित है। इसके साथ ही वर्ष 2026 में शासन द्वारा देय महंगाई भत्ता एरियर्स का भुगतान भी नहीं किया गया है। इससे शिक्षकों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बीआरसीसी, बीएसी और जनशिक्षकों की नियुक्तियों में देरी पर सवाल

कलेक्टर को सौंपे गए एक अन्य ज्ञापन में संघ ने जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। संघ के अनुसार राज्य शिक्षा केंद्र के पत्र क्रमांक 3740, दिनांक 24 जून 2026 के तहत नवीन विकासखंड अकादमिक समन्वयक (बीएसी), विकासखंड स्रोत समन्वयक (बीआरसीसी) एवं जनशिक्षकों (सीएसी) के पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया 20 अगस्त 2026 तक पूरी की जानी थी। इसके बावजूद नवंबर माह में भी नियुक्तियां नहीं हो सकी हैं। संघ ने कहा कि इन पदों पर नियुक्तियों में देरी से जिले की शैक्षणिक व्यवस्था और गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।

तत्काल कार्रवाई और जवाबदेही तय करने की मांग

मध्यप्रदेश शिक्षक संघ ने प्रशासन से मांग की है कि शिक्षकों के लंबित वेतनमान एवं एरियर्स का तत्काल भुगतान कराया जाए। साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और लिपिकों की जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा बीआरसीसी, बीएसी और सीएसी के रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्तियां पूरी की जाएं।

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष सूर्यपाल सिंह राजपूत, जिला संगठन मंत्री चंद्रभान सिंह राजपूत, जिला सचिव मनोज कुमार जैन, जिला प्रवक्ता शैलेन्द्र प्रजापति, राजाभाई सिंह ठाकुर, अमित सिंह राजपूत, नेहा मिश्रा, केसर सिंह ठाकुर, संदीप नाहर सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें