
टोयोटा हायराइडर कार बरामद, दूसरा आरोपी फरार; किराए पर वाहन देने से पहले सत्यापन करने की पुलिस ने दी सलाह
सागर। खुरई शहर पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए किराए पर ली गई करीब 11 लाख रुपये कीमत की टोयोटा हायराइडर कार बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, 22 नवंबर 2026 को खुरई निवासी रोहित यादव ने थाना खुरई शहर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी टोयोटा हायराइडर कार क्रमांक MP 15 ZS 1520 को अमन कुर्मी और प्रतीक सिंह ने किराए पर लिया था। निर्धारित समय बीतने के बाद जब वाहन वापस मांगा गया तो दोनों ने कार वापस नहीं की। आरोपियों पर विश्वास में लेकर वाहन प्राप्त करने और धोखाधड़ी करने का आरोप है।
फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 344/26 के तहत धारा 318(4), 316(2) एवं 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस रिमांड पर लेकर की पूछताछ, कार बरामद
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना खुरई शहर पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपी अमन कुर्मी पिता निरन कुर्मी निवासी धामोनीपुरा, जिला विदिशा को अभिरक्षा में लेकर न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त किया। पूछताछ और विवेचना के आधार पर आरोपी के कब्जे से धोखाधड़ी से प्राप्त टोयोटा हायराइडर कार बरामद कर जब्त की गई। वाहन की अनुमानित कीमत 11 लाख रुपये बताई गई है।
मामले का दूसरा आरोपी प्रतीक सिंह अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी खुरई शहर निरीक्षक योगेंद्र सिंह दांगी, उपनिरीक्षक अशोक उपाध्याय, आरक्षक धीरेन्द्र सिंह राजावत और आरक्षक अभिषेक नायक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वाहन किराए पर देने से पहले करें सत्यापन
सागर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अधिक किराया या नियमित आमदनी का लालच देकर वाहन किराए पर लेने वाले व्यक्तियों के झांसे में न आएं। वाहन सौंपने से पहले संबंधित व्यक्ति की पहचान, दस्तावेज और वास्तविक जानकारी का पूरी तरह सत्यापन करें। ऑनलाइन एप या अन्य माध्यमों से वाहन किराए पर देते समय भी विशेष सावधानी बरतें।
पुलिस ने कहा कि थोड़ी सी सतर्कता आर्थिक नुकसान और धोखाधड़ी से बचा सकती है।







