28 नवंबर को सुबह 10:30 बजे बड़तूमा स्थित संत रविदास मंदिर में पूजन एवं संगोष्ठी के साथ होगा उपयात्रा का शुभारंभ; टीकमगढ़, झांसी और उरई होते हुए पहुंचेगी कानपुर
सागर। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा सामाजिक समरसता संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। इसके अंतर्गत सागर से कानपुर तक निकलने वाली उपयात्रा का शुभारंभ 28 नवंबर को सुबह 10:30 बजे सागर के बड़तूमा स्थित संत रविदास मंदिर में पूजन एवं संगोष्ठी के साथ होगा। उपयात्रा टीकमगढ़, झांसी और उरई होते हुए कानपुर पहुंचेगी।
भाजपा के शहडोल संभाग प्रभारी एवं यात्रा संयोजक गौरव सारोठिया ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य संत रविदास महाराज के विचारों तथा सामाजिक समरसता, समानता और सामाजिक एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। संत रविदास जी का जीवन और दर्शन भेदभाव से मुक्त समतामूलक समाज की प्रेरणा देता है। यात्रा के माध्यम से उनके विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाएगा।
श्री सारोठिया ने कहा कि सामाजिक समरसता समाज को जोड़ने और समानता के साथ आगे बढ़ने का संकल्प है। संत रविदास महाराज के बताए मार्ग पर चलते हुए सामाजिक सद्भाव और एकता को मजबूत करना इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने सागर जिलेवासियों से उपयात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
श्री सारोठिया ने बताया कि सामाजिक समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक छात्रावास संपर्क अभियान भी आयोजित किया जा रहा है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों तक संत रविदास महाराज के विचारों और सामाजिक एकता का संदेश पहुंचाया जाएगा।







