विधायक प्रदीप लारिया ने स्कूल में विज्ञान विषयों के अतिरिक्त कक्षों और वार्ड 09 में नाली निर्माण कार्य का किया शुभारंभ
कर्रापुर। नरयावली विधानसभा क्षेत्र के कर्रापुर में शिक्षा और नगरीय विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने दो महत्वपूर्ण विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। इन दोनों कार्यों पर कुल 65.73 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल कर्रापुर में 59.73 लाख रुपये की लागत से भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र एवं जीव विज्ञान विषयों के अतिरिक्त कक्षों का निर्माण किया जाएगा। वहीं नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 09 में 6 लाख रुपये की लागत से नाली निर्माण कार्य कराया जाएगा।
विज्ञान विषयों के लिए अतिरिक्त कक्षों के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और पढ़ाई से जुड़ी गतिविधियों के संचालन में सुविधा होगी। वहीं नाली निर्माण से वार्ड में जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी तथा स्वच्छता और जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने कहा कि शिक्षा और मूलभूत नागरिक सुविधाएं विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ नागरिकों को आवश्यक सुविधाएं देना उनकी प्राथमिकता है। कर्रापुर में शुरू किए जा रहे ये कार्य नगर के विकास को नई गति देंगे।
कार्यक्रम में गौरव सिरोठिया, सूरज केरो, जाहर सिंह, मधुकर जाटव, मंडल अध्यक्ष अशोक सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि भानु प्रताप सिंह, पार्षदगण, एल्डरमैन, मातृशक्ति सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भारत न्यूज़ 24 live.com हम केवल सच्चाई ही दिखाते हैं







