
कलेक्टर के निर्देश पर पेट्रोल पंपों का निरीक्षण, सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक
सागर 26 मार्च 2026
कलेक्टर संदीप जी. आर. के निर्देश पर जिले में ईंधन आपूर्ति को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से अपर कलेक्टर अविनाश रावत एवं पुलिस अधीक्षक लोकेश सिन्हा द्वारा सागर जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डीजल की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की गई इसी दौरान आपूर्ति के अनुसार मांग की समीक्षा की गई। इस दौरान एस टी कोमलचंद पेट्रोल पंप सिविल लाइन्स, अगम पेट्रोल पंप तिली, डायमंड पेट्रोल पंप राजघाट रोड, सूर्यांश पेट्रोल पंप आरटीओ कार्यालय के पास, मोतीलाल पेट्रोल पंप पथरिया जाट तथा आदित्य पेट्रोलियम सिरोजा सहित अन्य पंपों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पेट्रोल पंपों पर भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित करने, सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा अनावश्यक स्टॉकिंग या कालाबाजारी करने वालों को सख्त समझाइश दी गई। प्रशासन ने पंप संचालकों को निर्देश दिए कि आम जनता को बिना किसी परेशानी के ईंधन उपलब्ध कराएं और अफवाहों पर आधारित अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित रखें। उन्होंने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए की लगातार आपूर्ति बनाए रखें एवं स्टाफ की उपलब्धता हेतु बड़े-बड़े बोर्ड लगाएं जिससे कि आपकी उपलब्धता की जानकारी पेट्रोल पंप ग्राहकों को मिल सके।
कलेक्टर संदीप जी आर ने कहा कि देश में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को लेकर फैलाई जा रही कमी की अफवाहें पूरी तरह भ्रामक हैं उन पर ध्यान न दें। नागरिकों से अपील की गई है कि वे केवल सामान्य मात्रा में ही ईंधन खरीदें तथा अनावश्यक स्टॉकिंग से बचें।











