रास्ते के विवाद में हत्या, 24 घंटे में सागर पुलिस ने सुलझाया अंधा कत्ल

रास्ते के विवाद में हत्या, 24 घंटे में सागर पुलिस ने सुलझाया अंधा कत्ल
सागर। सागर जिले के महराजपुर थाना क्षेत्र में हुए एक सनसनीखेज अंधे हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। खेत के रास्ते को लेकर चल रहे पुराने विवाद में एक व्यक्ति की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और पहचान छिपाने के लिए शव को कुएं में फेंक दिया गया। मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार सरई वन निवासी कुंजन यादव (40 वर्ष) 22 जून की रात खेत पर खाना लेकर गया था, लेकिन अगले दिन सुबह उसका शव गांव के एक कुएं में मिला। शव पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और संदिग्धों से पूछताछ की। विवेचना में सामने आया कि मृतक और आरोपी मदन गोंड के बीच खेत के रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था।
पुलिस के मुताबिक घटना वाली रात मदन गोंड और उसके पुत्र आकाश गोंड ने मृतक को खेत के पास रोक लिया और पुराने विवाद को लेकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर, आंख, हाथ और पीठ पर गंभीर चोटें लगने से कुंजन यादव की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद दोनों आरोपियों ने शव को घसीटकर पास के कुएं में फेंक दिया और फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह सहित पुलिस टीम के अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी मेहनत से हत्या की गुत्थी 24 घंटे के भीतर सुलझाई जा सकी।

Leave a Comment

Read More