
पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने किए तीन फायर, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली; कट्टा, कारतूस, मोबाइल और बाइक बरामद
सागर, 13 सितंबर 2026। बण्डा जहरीली शराब कांड में फरार चल रहे ₹30 हजार के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत को सागर पुलिस ने रविवार तड़के पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने पुलिस टीम को लक्ष्य कर तीन फायर किए, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए दो राउंड फायर किए। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे सुरक्षित गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी शिवांजय राजपूत पिता धर्मेन्द्र राजपूत, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम छापरी, थाना बण्डा जहरीली शराब प्रकरण के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस द्वारा ₹30 हजार का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी के विरुद्ध पूर्व से तीन आपराधिक प्रकरण भी दर्ज बताए गए हैं।
कठुआ नाला के जंगल में पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
13 सितंबर की तड़के थाना बहरोल पुलिस को सूचना मिली कि शराब प्रकरण में फरार आरोपी शिवांजय राजपूत कठुआ नाला के पास जंगल में मौजूद है और धामोनी-बहरोल मुख्य मार्ग से होते हुए अपने घर छापरी जाने की संभावना है।
सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक सागर के निर्देश पर थाना बांदरी प्रभारी सतेन्द्र सिंह को तत्काल मौके पर पहुंचने तथा आसपास के थाना प्रभारियों को पुलिस बल के साथ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी गई।
थाना बांदरी प्रभारी सतेन्द्र सिंह एवं थाना बहरोल प्रभारी धर्मेंद्र सिंह अपनी-अपनी पुलिस टीमों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीमों ने संभावित क्षेत्र की चारों ओर से घेराबंदी कर सघन सर्चिंग शुरू की।
पुलिस को देखते ही आरोपी ने शुरू कर दी फायरिंग
सर्चिंग के दौरान पुलिस टीम का सामना आरोपी शिवांजय राजपूत से हुआ। पुलिस के मुताबिक टीम को देखते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी और पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर तीन फायर किए।
पुलिस टीम ने अपनी सुरक्षा एवं आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए दो राउंड फायर किए। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस टीम ने घायल आरोपी को सुरक्षित गिरफ्तार कर लिया।
घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
कट्टा, छह कारतूस, मोबाइल और बाइक बरामद
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, तीन खाली कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। बरामद हथियार एवं अन्य सामग्री के संबंध में पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
सागर पुलिस के अनुसार अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबार से जुड़े आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएंगी











