
सागर, 12 सितंबर 2026। घर की पहली रोटी गौमाता को अर्पित करने की सनातन परंपरा को पुनः जन-जन के जीवन का हिस्सा बनाने के उद्देश्य से परम पूज्य संत रविशंकर महाराज रावतपुरा सरकार के सान्निध्य में शनिवार को सूबेदार वार्ड में ‘एक रोटी गाय के लिए’ अभियान के अंतर्गत गौसेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में सागर महापौर संगीता सुशील तिवारी एवं भाजपा प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट रिशांक तिवारी ने पूज्य गुरुदेव के साथ सूबेदार वार्ड में घर-घर पहुंचकर गौमाता की सेवा के लिए रोटी मांगी। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में शहरवासियों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ सहभागिता करते हुए अपने घर की पहली रोटी गौमाता के नाम समर्पित की।
इस दौरान पूज्य गुरुदेव रावतपुरा सरकार ने उपस्थितजनों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए गौसेवा को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी। अभियान के माध्यम से लोगों को सेवा, करुणा और जीवमात्र के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया गया।
महापौर संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि भारतीय परिवारों में सदियों से पहली रोटी गौमाता के लिए निकालने की परंपरा रही है। पूज्य गुरुदेव रावतपुरा सरकार द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान इसी संस्कार को पुनः समाज के बीच जागृत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि दया, करुणा और जीवमात्र के प्रति संवेदनशीलता का संस्कार भी है। पूज्य गुरुदेव स्वयं समाज के बीच पहुंचकर जिस तरह गौसेवा का संदेश दे रहे हैं, उससे आने वाली पीढ़ियों को भी भारतीय संस्कृति और सेवा परंपरा से जोड़ने में मदद मिलेगी।
वहीं भाजपा प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट रिशांक तिवारी ने कहा कि ‘एक रोटी गाय के लिए’ अभियान के माध्यम से पूज्य गुरुदेव ने गौसेवा को अत्यंत सरल और सहज रूप में समाज के सामने रखा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर की एक रोटी गौमाता के लिए निकालकर इस सेवा अभियान में सहभागी बन सकता है।
रिशांक तिवारी ने कहा कि जब बच्चे अपने माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों को पहली रोटी गौमाता के लिए निकालते देखते हैं, तो उनके भीतर भी जीवों के प्रति करुणा और सेवा का संस्कार विकसित होता है। इस दृष्टि से यह अभियान आने वाली पीढ़ियों तक भारतीय संस्कारों और सेवा परंपरा को पहुंचाने वाला महत्वपूर्ण सामाजिक प्रयास है।
वार्ड पार्षद रूबी पटेल ने कहा कि सूबेदार वार्ड में अभियान के दौरान जिस तरह लोगों ने अपने घरों से गौमाता के लिए रोटी समर्पित की, वह क्षेत्रवासियों की आस्था और सहभागिता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि अभियान ने वार्ड के परिवारों को गौसेवा के एक सामूहिक संकल्प से जोड़ने का अवसर दिया है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, मातृशक्ति एवं क्षेत्रवासी पूज्य गुरुदेव के दर्शन और आशीर्वाद के लिए पहुंचे। लोगों ने श्रद्धाभाव से गौसेवा में सहभागिता की और घर की पहली रोटी गौमाता के नाम अर्पित करने की परंपरा को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि कृष्ण कुमार पटेल, नमन चौबे, शुभम नामदेव, स्वराज उपाध्याय, अर्पित शुक्ला सहित बड़ी संख्या में भक्त मंडल, मातृशक्ति, श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।











