रजाखेड़ी बजरिया में विधायक लारिया की सहभागिता से गूंजा ‘स्वच्छ मकरोनिया’ का संकल्प, जनभागीदारी से स्वच्छ नगर बनाने का आह्वान

“रजाखेड़ी बजरिया में विधायक लारिया की सहभागिता से गूंजा ‘स्वच्छ मकरोनिया’ का संकल्प, जनभागीदारी से स्वच्छ नगर बनाने का आह्वान”

मकरोनिया। नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया के निर्देशन में रजाखेड़ी बजरिया में नगर पालिका परिषद मकरोनिया द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। विधायक  लारिया ने स्वयं सफाई अभियान में सहभागिता करते हुए नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और मकरोनिया को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित नगर की श्रेणी में लाने के लिए जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर नपाध्यक्ष मिहीलाल अहिरवार विशेष रूप से उपस्थित रहे। विधायक  लारिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के स्वच्छ एवं विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प में मकरोनिया भी अपनी प्रभावी भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ मकरोनिया केवल नगर पालिका का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

विशेष सफाई अभियान के दौरान बजरिया क्षेत्र में साफ-सफाई, कचरे के निस्तारण तथा सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने पर विशेष ध्यान दिया गया। विधायक श्री लारिया ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें, अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें तथा ‘स्वच्छ मकरोनिया मिशन’ को जनआंदोलन बनाने में सक्रिय सहभागिता करें।

नपाध्यक्ष मिहीलाल ने कहा कि नगर पालिका द्वारा स्वच्छता गतिविधियों को निरंतर गति दी जा रही है। सभी के सहयोग से मकरोनिया को स्वच्छ एवं आदर्श नगर बनाने के लक्ष्य को आगे बढ़ाया जाएगा।

अभियान में पार्षद विवेक सक्सेना, बलवंत सिंह ठाकुर, निशांत आठिया,कमलेश कुशवाहा, महेंद्र सिंह ठाकुर, मुकेश पटेल,भागीरथ सब्जी वाले, एल्डरमैन मुकेश यादव, नरेंद्र रोहित, उपयंत्री वर्षा साहू, शनि जैन सहित नगर पालिका के अधिकारी- कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

विशेष सफाई अभियान में सहभागिता करते हुए सभी ने स्वच्छ मकरोनिया के संकल्प को मजबूत किया और नागरिकों से नगर को स्वच्छ रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

Leave a Comment

Read More