गौवंश की सुरक्षा और सड़क हादसों की रोकथाम को लेकर गौशाला संचालकों के साथ मंथन, हाईवे किनारे फेंसिंग और रिफ्लेक्टिव कॉलर पर भी जोर

मध्यप्रदेश भोपाल विशेष संवाददाता राजकुमार दुबे

हाईवे पर गौवंश दिखा तो तुरंत होगा रेस्क्यू, कलेक्टर ने दिए ‘गाय लिफ्टर’ वाहन के निर्देश

नरसिंहपुर जिले में गौवंश की सुरक्षा के साथ हाईवे पर होने वाले सड़क हादसों की रोकथाम को लेकर कलेक्टर  रजनी सिंह ने गौशाला संचालकों, पशुपालन विभाग तथा एनएचएआई सागर एवं जबलपुर के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रभावी व्यवस्था बनाने पर चर्चा की हाईवे पर आवारा एवं विचरण करते गौवंश के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए कलेक्टर ने स्थायी एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए

हाईवे किनारे शासकीय भूमि पर फेंसिंग की तैयारी
बैठक में हाईवे के आसपास उपलब्ध शासकीय भूमि को चिन्हित कर फेंसिंग कराने के विकल्प पर भी चर्चा हुई। उद्देश्य यह है कि हाईवे से सुरक्षित तरीके से गौवंश को हटाकर निर्धारित सुरक्षित स्थान पर रखा जा सके और उन्हें दोबारा सड़क पर आने से रोका जा सके

कलेक्टर  रजनी सिंह ने पीडी एनएचएआई सागर एवं जबलपुर को हाईवे पर गौवंश मिलने अथवा दुर्घटना की स्थिति में उन्हें सुरक्षित रूप से हटाने के लिए ‘गाय लिफ्टर’ वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर गौवंश की मौजूदगी उनके जीवन के साथ-साथ वाहन चालकों और यात्रियों के लिए भी गंभीर खतरा है। सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था विकसित की जाए

कलेक्टर ने गौशाला संचालकों से कहा कि हाईवे पर गौवंश दिखाई देने या दुर्घटना की आशंका होने पर तत्काल संबंधित अमले को सूचना दें। इसके लिए व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से सूचना के त्वरित आदान-प्रदान की व्यवस्था प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। ग्रुप में एनएचएआई, एसडीएम, पशुपालन विभाग, गौशाला संचालकों और गौसेवकों को जोड़े जाने की बात कही गई

हाईवे पर रात के समय गौवंश की दृश्यता बढ़ाने के लिए रिफ्लेक्टिव कॉलर लगाने, दुर्घटना संभावित स्थानों पर फेंसिंग एवं साइनेज लगाने तथा जरूरत वाले स्थानों को दुर्घटना मुक्त क्षेत्र के रूप में विकसित करने पर भी चर्चा हुई

बैठक में सीईओ जिला पंचायत गजेन्द्र सिंह नागेश, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. सुनील कुमार ब्रजपुरिया, श्रीदेव रामजानकी गौशाला के महंत बालकदास जी महाराज, दयोदय गौशाला से राजीव जैन सहित अन्य गौशाला संचालक, पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे

Leave a Comment

Read More