
लाखा बंजारा झील किनारे बन रहा अत्याधुनिक बोट क्लब ₹1करोड़ की लागत से निर्मित हो रही बिल्डिंग 90% हुई पूर्ण, वॉटर स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित होगा सागर
सागर। शहर के संजय ड्राइव स्थित लाखा बंजारा झील के किनारे मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा ₹1 करोड़ 15 लाख की लागत से निर्मित बोट क्लब की अत्याधुनिक बिल्डिंग अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
विधायक जैन ने बताया कि बिल्डिंग का लगभग 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और फिलहाल फिनिशिंग का कार्य जारी है। उन्होंने ठेकेदार को निर्देशित किया कि बचा हुआ कार्य तय समय सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि इसका लाभ जल्द से जल्द शहरवासियों और खिलाड़ियों को मिल सके।
उन्होंने जानकारी दी कि बिल्डिंग निर्माण के साथ-साथ परिसर के मुख्य गेट का सौंदर्यीकरण एवं फ्लोरिंग कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जबकि फ्लोटिंग जेटी (Floating Jetty) का निर्माण भी शीघ्र कराया जाएगा। यह सुविधा वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
नई बिल्डिंग को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। यहां अत्याधुनिक जिम उपकरण स्थापित किए जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों और युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण एवं फिटनेस सुविधाएं मिल सकेंगी।
भवन के प्रथम तल पर आकर्षक बटरफ्लाई डिजाइन का शेड तैयार किया गया है, जहां से वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का शानदार दृश्य देखा जा सकेगा। साथ ही प्रतियोगिताओं के दौरान निर्णायकों के लिए विशेष स्थान भी विकसित किया जा रहा है, जिससे आयोजन अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी हो सकें।
विधायक जैन ने कहा कि बोट क्लब को वॉटर स्पोर्ट्स के एक उत्कृष्ट केंद्र के रूप में विकसित करने का लक्ष्य है। इसके माध्यम से सागर को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही, यहां बच्चों और युवाओं को व्यवस्थित प्रशिक्षण देने की दिशा में भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना न केवल खेल गतिविधियों को बढ़ावा देगी, बल्कि पर्यटन की दृष्टि से भी सागर को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।











