नरयावली के चौतरफा विकास के लिए विधायक लारिया की बड़ी पहल, 23 आंगनबाड़ी केंद्रों के नए भवनों और 132/33 केव्ही उच्च दाब उपकेंद्र स्थापना को लेकर हुई निर्णायक चर्चा

नरयावली के चौतरफा विकास के लिए विधायक लारिया की बड़ी पहल, 23 आंगनबाड़ी केंद्रों के नए भवनों और 132/33 केव्ही उच्च दाब उपकेंद्र स्थापना को लेकर हुई निर्णायक चर्चा

भोपाल/नरयावली विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और जन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने राजधानी भोपाल में दो महत्वपूर्ण विभागों के मंत्रियों से भेंटकर क्षेत्र के लिए बड़ी सौगातें मांगी है। विधायक श्री लारिया ने क्षेत्र के नौनिहालों और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य व सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए और बिजली संकट के स्थाई समाधान के लिए प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया एवं ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर से पृथक-पृथक भेंट कर महत्वपूर्ण प्रस्ताव सौंपे।

विधायक प्रदीप लारिया ने मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया से भेंटकर विधानसभा क्षेत्र के जर्जर और भवन विहिन आंगनबाड़ी केंद्र की ओर ध्यानाकर्षण किया। उन्होंने बताया कि सुरक्षा कारणों से कई जर्जर भवनों को डिस्मेंटल कर दिया गया है जिससे केंद्रों के संचालन में कठिनाई हो रही है। उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर कुल 23 आंगनबाड़ी केंद्रों के नए भवन निर्माण की मांग की। विधायक द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव में सागर विकासखंड के जर्जर व ध्वस्त हो चुके केंद्र शंकरगढ़, रतनगंज, सेमराबाग, भैंसानाका, रिछोड़ा, रुसल्ला, बाछलोन, पटकुई, तिंसुआ, कर्रापुर, आमेट, रतौना और रजौआ के नाम शामिल है। वहीं भवन विहीन केंद्र पथरियाहाट, डुंगासरा, चितौरा और किशनपुरा के लिए भी नवीन भवनों की मांग की गई है। इसी प्रकार राहतगढ़ विकासखंड के सेमरा लहरिया, देवरी, सेवारा सेवारी, तोड़ा गौतमिया, कनेरा नीखर और हनोता पारीक्षित के भवन विहीन केंद्रों के भवन बनाने का आग्रह किया गया है।
मंत्री निर्मला भूरिया ने इस मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए अधिकारियों को कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।

विद्युत समस्या का स्थायी समाधान शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ-साथ क्षेत्र की आर्थिक रीढ़ यानी बिजली व्यवस्था को लेकर विधायक श्री लारिया ने ऊर्जा मंत्री प्रदुम्न सिंह तोमर से भेंटकर नरयावली में एक नए 132/33 केव्ही उच्च दाब उप केंद्र की स्थापना का पुरजोर आग्रह किया।
विधायक श्री लारिया ने ऊर्जा मंत्री श्री सिंह को अवगत कराया कि वर्तमान में नरयावली क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था मकरोनिया स्थित 132/33 केव्ही उपकेंद्र से निकलने वाली 33 केव्ही लाइन पर निर्भर है, लेकिन मकरोनिया नगर पालिका, सैन्य क्षेत्र और औद्योगिक विस्तार के कारण वर्तमान ढांचे पर दबाव अत्यधिक बढ़ गया है। अत्यधिक ओवरलोडिंग से बार-बार होने वाली ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या से आम जनता, व्यापारी और किसान प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिंचाई परियोजनाओं के विस्तार के कारण कृषि उपभोक्ताओं के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति क्षेत्र के विकास हेतु मील का पत्थर साबित होगी।

विधायक श्री लारिया इस विषय को लेकर लंबे समय से सक्रिय हैं और पूर्व में 5 दिसम्बर 2025 को विधानसभा के पटल पर भी इस प्रश्न को प्रमुखता से उठा चुके हैं।

विधायक लारिया की तार्किक मांगों और क्षेत्र की व्यवहारिक कठिनाइयों को ऊर्जा मंत्री ने अत्यंत गंभीरता से सुना। उन्होंने विधायक श्री लारिया को आश्वस्त किया कि विभाग जल्द ही इस संबंध में आवश्यक तकनीकी मूल्यांकन कराकर नरयावली विधानसभा क्षेत्र में 132/33 केव्ही उपकेंद्र की स्थापना हेतु सकारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करेगा।

Leave a Comment

Read More