
पति-पत्नी के विवाद में तीन वर्षीय मासूम की मौत, पिता हिरासत में
बंडा। नगर के देवपुरा वार्ड में पति-पत्नी के विवाद के दौरान एक दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने बच्चे के पिता को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, देवपुरा वार्ड निवासी पवन लोधी शराब के नशे में अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। इस संबंध में पहले भी थाने में शिकायत दर्ज हो चुकी है, जिस पर पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई थी।
बताया गया है कि बुधवार रात पवन लोधी नशे की हालत में पत्नी से विवाद कर रहा था। उसी दौरान उनका तीन वर्षीय बेटा पास में सो रहा था। विवाद के बीच पवन का संतुलन बिगड़ गया और वह बच्चे के ऊपर गिर पड़ा। भारी वजन और घुटने का दबाव पड़ने से मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बंडा एसडीओपी प्रदीप वाल्मीकि ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।











