खबर का बड़ा असर: 65 लाख के आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निर्माण रुकवाया

खबर का बड़ा असर: 65 लाख के आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निर्माण रुकवाया

जंग लगे सरिया और घटिया सीमेंट हटवाए, स्वास्थ्य विभाग की उपयंत्री ने किया मौके का निरीक्षण:

एस्टीमेट के अनुरूप सामग्री से दोबारा शुरू कराया निर्माण

देवरी कला। देवरी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत महाराजपुर के नई दिल्ली गांव में करीब 65 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन आयुष्मान आरोग्य मंदिर भवन में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर उठाए गए सवालों और प्रकाशित खबर का आखिरकार प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने संज्ञान लिया है। खबर प्रकाशित होने के बाद विभागीय अधिकारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवाया और निर्माण स्थल का निरीक्षण किया।
निर्माणाधीन भवन में जंग लगे सरिया और कथित रूप से घटिया गुणवत्ता के सीमेंट के उपयोग को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की उपयंत्री सुजाता मेश्राम ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री को देखा गया। इसके बाद निर्माण स्थल पर रखे जंग लगे सरिया एवं संबंधित सीमेंट को अलग करवाया गया, ताकि आगे के निर्माण में उसका उपयोग न हो सके।
अधिकारियों की निगरानी में फिर शुरू हुआ निर्माण
निरीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई के बाद निर्माण कार्य को एस्टीमेट के अनुरूप निर्धारित गुणवत्ता वाली सरिया एवं सीमेंट का उपयोग करते हुए पुनः शुरू कराया गया। विभागीय अधिकारियों की निगरानी में निर्माण कार्य आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र का भवन लंबे समय तक ग्रामीणों के स्वास्थ्य से जुड़ा रहेगा। ऐसे में इसके निर्माण में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग होना बेहद जरूरी है। ग्रामीणों ने मांग की है कि भवन निर्माण की गुणवत्ता की नियमित रूप से तकनीकी जांच कराई जाए, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की समस्या सामने न आए।

खबर के बाद हरकत में आया विभाग

गौरतलब है कि निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर मामला सामने आने के बाद खबर प्रकाशित की गई थी। इसके बाद प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर कार्रवाई की। निर्माण कार्य रुकवाकर निरीक्षण किए जाने और जंग लगे सरिया व संबंधित सामग्री को हटवाए जाने के बाद अब एस्टीमेट के अनुरूप सामग्री से निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया गया है।

Leave a Comment

Read More