सागर पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का किया भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार

सागर पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का किया भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार
देशी कट्टा, रिवाल्वर और पिस्टल समेत 3 जिंदा कारतूस बरामद, हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और सामग्री भी जब्त
सागर। जिले में अवैध हथियार रखने, निर्माण करने और उनकी सप्लाई करने वालों के खिलाफ सागर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना कैंट पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा, एक देशी रिवाल्वर, एक देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके साथ ही हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरण और सामग्री भी जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक सागर  अनुराग सुजानिया के निर्देश पर जिले में अवैध हथियार रखने वालों और इनके जरिए दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना कैंट पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध हथियारों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
कजलीवन मैदान के पास कट्टा लेकर घूम रहा था आरोपी
थाना कैंट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कजलीवन मैदान के पास एक व्यक्ति अवैध देशी कट्टा और कारतूस लेकर घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश देकर अनुज सेन पिता स्व. केदार सेन, उम्र 24 वर्ष, निवासी लक्ष्मीपुरा वार्ड, थाना कोतवाली, सागर को पकड़ा।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से .315 बोर का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पूछताछ में खुली हथियार निर्माण और सप्लाई की कड़ी
पुलिस पूछताछ में अनुज सेन ने बताया कि उक्त देशी कट्टा उसे साहिल अहिरवार पिता शिवप्रसाद अहिरवार, उम्र 24 वर्ष, निवासी भीम वार्ड, थाना बीना, सागर से मिला था।
जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने साहिल अहिरवार के निवास पर दबिश दी। उसके कब्जे से .38 बोर की देशी रिवाल्वर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार साहिल के पास से हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उपकरण भी मिले। इनमें ड्रिल मशीन, पेचकस, पाना, हथौड़ा, लोहे की रॉड, पाइप, स्प्रिंग, तीन कटी हुई नाल, स्क्रू, लकड़ी के गुटके, स्प्रिंग लॉक, कैंची, रापी और लोहे की पत्तियां सहित अन्य सामग्री शामिल है।
तीसरे आरोपी तक पहुंची पुलिस
साहिल अहिरवार से पूछताछ के दौरान पुलिस को तीसरे आरोपी सूरज अहिरवार पिता हेमराज अहिरवार, उम्र 23 वर्ष, निवासी आवासीय कॉलोनी, थाना मोतीनगर, सागर के संबंध में जानकारी मिली।
पुलिस टीम ने सूरज अहिरवार को तलाश कर गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से .32 बोर की देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
तीन हथियार और तीन कारतूस बरामद
थाना कैंट पुलिस की कार्रवाई में कुल:
01 नग .315 बोर देशी कट्टा
01 नग .38 बोर देशी रिवाल्वर
01 नग .32 बोर देशी पिस्टल
03 जिंदा कारतूस
हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरण एवं सामग्री
बरामद की गई है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अवैध हथियारों के निर्माण, सप्लाई और इस्तेमाल से जुड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

Leave a Comment

Read More