
नरयावली क्षेत्र में सड़क विकास को गति देने विधायक लारिया ने प्रमुख अभियंता से की मुलाकात
भोपाल/11.08.2026; नरयावली विधानसभा क्षेत्र में सड़क अधोसंरचना को और सुदृढ़ करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने भोपाल प्रवास के दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता इंजी. आर.एल. वर्मा से सौजन्य भेंट की।
इस दौरान विधायक लारिया ने नरयावली विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित एवं लंबित विभिन्न सड़क निर्माण, मार्ग निर्माण तथा सड़क सुदृढ़ीकरण कार्यों की स्वीकृति के संबंध में प्रमुख अभियंता से चर्चा की। उन्होंने क्षेत्र की आवश्यकता और जनहित को दृष्टिगत रखते हुए संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।
विधायक लारिया द्वारा प्रमुख अभियंता को सौंपे गए प्रस्ताव में जिंदा-बहेरिया चौराहा तक सड़क मार्ग निर्माण, भापेल- जैसीनगर तिराहा से पाटन मार्ग तक 1 किमी सड़क निर्माण, खुरई मार्ग एनएच-14 से नगना डोंगा-बरोदिया मार्ग का मजबूतीकरण, मदनपुरा- खिरिया नीखर मार्ग से सड़क मार्ग निर्माण, मझगुंवाअहीर से ग्राम सुआतला होते हुए मसानझिरी की ओर सीसी सड़क निर्माण, रिछावर से टीलाखेड़ी तक सड़क मार्ग, मुहली से बामौरी तक सड़क मार्ग, बहेरीया-बामौरा -पटकुई सड़क मार्ग तथा पुरानी सदर से जिंदा (सेमराबाग) सड़क मार्ग सहित विभिन्न कार्य शामिल हैं।
इसी क्रम में विधायक लारिया ने सेमराहाट-बरोदिया गुसाई सड़क मार्ग को मध्यप्रदेश शासन की स्थायी वित्तीय समिति से प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कराने के संबंध में भी प्रमुख अभियंता से चर्चा की। उन्होंने बताया कि यह मार्ग नरयावली विधानसभा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है तथा इसके निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में आवागमन सुगम होगा।
प्रमुख अभियंता इंजी. आर.एल. वर्मा ने विधायक लारिया द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।











