सागर: अपहरण की झूठी कहानी रच ₹2 लाख की फिरौती मांगने वाला अंतिम फरार आरोपी गिरफ्तार

सागर: अपहरण की झूठी कहानी रच ₹2 लाख की फिरौती मांगने वाला अंतिम फरार आरोपी गिरफ्तार
देवरी पुलिस ने तकनीकी जांच और सूचना तंत्र की मदद से आरोपी सुनील कुर्मी को दबोचा, वारदात में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त
सागर/देवरी। देवरी थाना क्षेत्र में युवक के अपहरण की झूठी कहानी रचकर परिजनों से ₹2 लाख की फिरौती मांगने और रकम नहीं देने पर युवक की हत्या की धमकी देने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने प्रकरण के अंतिम फरार आरोपी सुनील कुर्मी (26) को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला जून 2026 का है। ग्राम डोंगर सलैया निवासी राजेश जाटव ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसका 21 वर्षीय पुत्र पवन जाटव सागर में दोस्त का जन्मदिन मनाने गया था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने फोन कर पवन के अपहरण की जानकारी दी और उसे छोड़ने के बदले ₹2 लाख की फिरौती मांगी। रकम नहीं देने पर हत्या की धमकी भी दी गई।
सूचना के बाद देवरी पुलिस ने अपराध क्रमांक 230/2026, धारा 140(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस की तकनीकी जांच में पूरे मामले की साजिश सामने आई।
पुलिस ने पूर्व में मामले में अरविंद दुबे, बलजीत सिंह, शुभम पटेल और पवन जाटव को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि सुनील पिता रघुवीर कुर्मी निवासी झिरी (चूरामन) फरार चल रहा था।
लगातार तलाश और सूचना तंत्र के साथ तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस टीम ने 10 अगस्त 2026 को सुनील कुर्मी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय देवरी में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे उपजेल रहली भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हरिराम मानकर, उप निरीक्षक समरथ सीनम, प्रधान आरक्षक महेन्द्र सहित देवरी थाना पुलिस और साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment

Read More