
सागर पुलिस ने तकनीकी जांच और साइबर सेल की मदद से गुम और चोरी हुए 112 मोबाइल फोन उनके असली मालिकों तक पहुंचाए हैं।
सागर पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने 112 मोबाइल धारकों को करीब 16 लाख रुपये कीमत के मोबाइल फोन वापस सौंपे।
पुलिस के मुताबिक, जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से मोबाइल गुम और चोरी होने की शिकायतें मिली थीं। इसके बाद साइबर सेल और पुलिस टीम ने सर्विलांस, तकनीकी संसाधनों और IMEI ट्रैकिंग की मदद से मोबाइल फोन की तलाश शुरू की।
अलग-अलग स्थानों से मोबाइल बरामद होने के बाद दस्तावेजों और अन्य जानकारी के आधार पर सत्यापन किया गया और उन्हें वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया।
लंबे समय से मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरे पर फोन वापस मिलने के बाद खुशी नजर आई। मोबाइल धारकों ने सागर पुलिस का आभार जताते हुए अभियान की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल थाने में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि तकनीकी जांच के जरिए मोबाइल को जल्द बरामद कर उसके असली मालिक तक पहुंचाया जा सके।











