जब तक सागर विधानसभा में कांग्रेस का विधायक और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं बन जाती, चैन से नहीं बैठूंगा : महेश जाटव

एक साल संघर्ष और संगठन की मजबूती का रहा : महेश जाटव
जब तक सागर विधानसभा में कांग्रेस का विधायक और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं बन जाती, चैन से नहीं बैठूंगा : महेश जाटव
सागर। शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव के कार्यकाल का एक वर्ष संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ जनहित के मुद्दों पर संघर्ष और कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए समर्पित रहा। सड़क से सदन, कलेक्ट्रेट से लेकर पुलिस थानों तक शहर कांग्रेस ने जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के जनसरोकारों और लोकतांत्रिक संघर्ष की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के मार्गदर्शन में शहर कांग्रेस ने सत्ता पक्ष के सामने विपक्ष की मजबूत और सक्रिय भूमिका निभाने का प्रयास किया।
वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सहयोग से शहर की विभिन्न समस्याओं को लगातार उठाया गया। नगर की समस्याओं को लेकर नगर विधायक से जवाबदेही की मांग की गई। कानून व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर आईजी, एसपी, सीएसपी एवं थाना प्रभारियों तक कांग्रेस ने अपनी आवाज पहुंचाई।
कलेक्ट्रेट घेराव से लेकर विभिन्न आंदोलनों तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर जनता के मुद्दों को उठाया। केंद्र और प्रदेश सरकार से जुड़े जनहित के विषयों पर भी कांग्रेस ने एकजुट होकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
संगठन सृजन अभियान पर रहा विशेष जोर
महेश जाटव के कार्यकाल में संगठन सृजन अभियान को विशेष प्राथमिकता दी गई। मंडल से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, नए लोगों को संगठन से जोड़ने और कांग्रेस की जमीनी पकड़ मजबूत करने का प्रयास किया गया।
राहुल गांधी के संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने के आह्वान तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की संगठनात्मक कार्यशैली के अनुरूप शहर कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं को लगातार सक्रिय रखने पर जोर दिया।
इस दौरान कांग्रेस ने जनता के सवालों को पार्टी के संघर्ष से जोड़ने और जनभावनाओं को राजनीतिक ताकत में बदलने का प्रयास किया। विभिन्न आंदोलनों में वरिष्ठ नेताओं से लेकर सामान्य कार्यकर्ताओं तक की सहभागिता रही।
आगे बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना प्राथमिकता
एक वर्ष की समीक्षा के दौरान संगठन के सामने कई चुनौतियां भी हैं। अब संघर्ष को बूथ स्तर की स्थायी ताकत में बदलना, निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और जनता के बीच कांग्रेस की निरंतर मौजूदगी बनाए रखना प्राथमिकता होगी।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि जब तक सागर विधानसभा में कांग्रेस का विधायक नहीं बन जाता और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं बन जाती, तब तक मैं चैन से नहीं बैठूंगा। जनता के मुद्दों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हितों के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
कुल मिलाकर महेश जाटव का पहला वर्ष सत्ता में नहीं, बल्कि विपक्ष में रहकर संघर्ष की भूमिका को मजबूत करने का वर्ष रहा। अब चुनौती इस संघर्ष को स्थायी संगठनात्मक ताकत में बदलकर आने वाले चुनावों की राजनीतिक जमीन तैयार करने की है।
कांग्रेसजनों ने दी बधाई
शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव के कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने पर कांग्रेस कार्यालय में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने पुष्पहार पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर महेश जाटव का स्वागत किया तथा उनके एक वर्ष के कार्यकाल की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Comment

Read More