
पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने जनसुनवाई में समस्याओं का निराकरण किया
खुरई। पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने खुरई में प्रति सोमवार की जनसुनवाई कार्यक्रम में जनसामान्य की समस्याएं सुनीं व अधिकारियों के माध्यम से समस्याओं का समुचित निराकरण कराया। उन्होंने खुरई में खुरई तहसील, मिड वे रिट्रीट का निरीक्षण किया और कुशवाहा समाज खुरई द्वारा आयोजित दो दिवसीय अखंड रामायण एवं शिवस्वरूप रुद्री निर्माण कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने जनसुनवाई में एकत्रित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि आज श्रावनमास का सोमवार है।शहर में जगह-जगह भगवान शिव जी की उपासना हो रही है। श्रद्धालु शिवलिंग निर्माण कर रहे हैं और पूरा धर्ममय वातावरण आज अपने पूरे नगर का है। आज नाग पंचमी भी है। ये हमारी संस्कृति की विशेषता है कि हम लोग तो नाग को भी दूध पिलाते हैं। नाग पंचमी पर आज जगह-जगह पूजा के कार्यक्रम है। प्रत्येक सोमवार की तरह ये सोमवार भी अपना जनसुनवाई हम सब यहाँ पर एकत्रित हैं।
सभी कार्यकर्ता जाकर आपके पास आकर आवेदन ले लेंगे। हम एक एक आवेदन के हिसाब से बुलाकर यहीं निराकरण करेंगे ताकि आपको खड़े नहीं रहना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि लगभग 8-9 माह से हमने स्वागत में फूल माला, पुष्प गुच्छ वगैरह नहीं लेने का संकल्प लिया है। मालाओं के बदले में जो भी कार्यकर्ता या शुभेच्छु जो भी सामग्री देते हैं वो सामग्री जरूरतमंद लोगों को, स्कूल के बच्चों , गरीब परिवारों में वितरित कर देते हैं। पिछले एक महीने में लगभग 5000 बच्चों को आपके द्वारा दी गई कॉपी, पेन, पेंसिल, छाते क्षेत्र में वितरित किए गए हैं। बच्चों के लिए इस सामग्री का बहुत उपयोग है। बच्चे पढ़ेंगे, उनका भविष्य बनेगा। सामग्री उनके काम में आएगी।
उन्होंने कहा कि मेरा आप सबसे आग्रह है कि कृपया करके कोई भी प्लास्टिक की सामग्री न दें। भले ही आप एक कापी, एक पैन दे दें, चाहे कुछ भी ना दें। चंदन की रोरी से तिलक लगाकर भी स्वागत हो सकता है। प्लास्टिक का सामान मालाओं के बदले में ना दें क्योंकि उसका कोई उपयोग नहीं होता है और प्लास्टिक से पर्यावरण को नुकसान है। हमें शाल ना दें क्योंकि शाल का हमारे पास कोई उपयोग नहीं होता है। शाल के स्थान पर भी आप कॉपी, किताब, पेन, पेंसिल, स्टेशनरी सामग्री दें ताकि क्षेत्र के बच्चे पढ़ाई लिखाई में अभाव महसूस न करें।
विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान स्थानीय लोगों ने पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह का उपयोगी सामग्री, स्टेशनरी, छातों आदि से स्वागत किया। कपड़ा व्यापारी संघ ने लगभग 5 हजार कीमत के वस्त्रों से स्वागत किया जिन्हें जरूरतमंदों को वितरित कर दिया जाएगा। जनसुनवाई में सभी अधिकारी, जनप्रतिनिधि, भाजपा मंडल अध्यक्ष, कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











