24 घंटे में चोरी की दो वारदातों का खुलासा, एक ही गैंग के 4 चोर गिरफ्तार


चोरी का माल खरीदने वाले दो कबाड़ी भाई भी पुलिस की गिरफ्त में, अन्य वारदातों से जुड़े राज खुलने की उम्मीद
सागर। थाना गोपालगंज पुलिस ने चोरी की दो वारदातों का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक ही गैंग के 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने और खपाने के मामले में दो कबाड़ी भाइयों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की अन्य वारदातों और चोरी के माल के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन, नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी गोपालगंज घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
एसएम मोटर्स से बैटरी और एसी रेडिएटर चोरी
पुलिस के अनुसार 22 अगस्त की रात अटल पार्क के पास स्थित एसएम मोटर्स में अज्ञात चोर गेट कूदकर दाखिल हुआ। यहां रिपेयरिंग के लिए खड़ी कारों में से एक्साइड कंपनी की लाल रंग की बैटरी, बोस कंपनी की ग्रे रंग की बैटरी और एक कार का एसी रेडिएटर चोरी कर लिया गया। चोरी गए सामान की कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई।
रेस्टोरेंट से एल्युमिनियम के बर्तन पार
दूसरी घटना 23 अगस्त की रात अटल पार्क के पास स्थित द पंगत रेस्टोरेंट में हुई। चोर गेट कूदकर अंदर घुसे और दो बड़े व दो छोटे एल्युमिनियम के भगोने, दो बड़े एल्युमिनियम के ढक्कन तथा एक बड़ी और एक छोटी एल्युमिनियम की कढ़ाई चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 7 हजार रुपये है।
दोनों मामलों में थाना गोपालगंज में अपराध क्रमांक 409 एवं 411, धारा 303(5), 331(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस ने 24 घंटे में पकड़ी गैंग
लगातार संदिग्धों की तलाश और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयासों के बीच पुलिस को सफलता मिली। जांच के दौरान दोनों घटनाओं में एक ही गैंग के शामिल होने का खुलासा हुआ। पुलिस ने मुख्य आरोपी सीतेन्द्र पिता देवराज पारदी, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम झिरिया पहाड़ी, थाना त्योंदा, जिला विदिशा को गिरफ्तार किया। उसके साथ गैंग में शामिल तीन महिला आरोपियों को भी पकड़ा गया है।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि पूछताछ में चोरी की अन्य वारदातों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग सामने आ सकते हैं।
चोरी का माल खरीदने वाले दो कबाड़ी भाई गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने चोरी के सामान को खपाने वाले लोगों की जानकारी जुटाई। इसी क्रम में मोतीनगर क्षेत्र में राहतगढ़ बस स्टैंड के पास स्थित सलीम कबाड़ी की दुकान से दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद अलीम पठान (20) और मोहम्मद शोहेल पठान (18), दोनों निवासी कसाई मंडी, राहतगढ़ बस स्टैंड के पास, भगत सिंह वार्ड, थाना मोतीनगर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दोनों से चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त और उसे खपाने के संबंध में पूछताछ की जा रही है। साथ ही चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं।
कबाड़ियों को पुलिस की सख्त चेतावनी
गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी करने वालों के साथ-साथ चोरी का माल खरीदने, बेचने, छिपाने या खपाने में मदद करने वालों के खिलाफ भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने कबाड़ी व्यवसाय से जुड़े लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध सामान की खरीद से पहले उसके स्रोत, पहचान और वैध दस्तावेजों की जांच अवश्य करें। चोरी के माल की खरीद-फरोख्त में संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति भी कार्रवाई के दायरे में आएगा।
गोपालगंज पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के साथ-साथ चोरी के माल को खपाने वाले नेटवर्क पर भी शिकंजा कसने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।

Leave a Comment

Read More