सागर में ट्रैक्टर चोरी का खुलासा, सिविल लाइन पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा


4 लाख रुपये कीमत का चोरी गया ट्रैक्टर बरामद, पूछताछ में बंडा क्षेत्र से टैंकर चोरी की वारदात भी कबूली
सागर, 25 अगस्त 2026। थाना सिविल लाइन पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 4 लाख रुपये कीमत का चोरी गया ट्रैक्टर बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में टीकाराम उर्फ टिक्कू पिता गनेश उर्फ जलेश अहिरवार, उम्र 20 वर्ष तथा एक विधि-विरुद्ध बालक शामिल है।
घर के बाहर खड़ा ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी
पुलिस के अनुसार, 9 मार्च 2026 की दरम्यानी रात ग्राम सुआतला निवासी बब्लू पिता गनपत पटेल के घर के बाहर खड़ा ट्रैक्टर-ट्रॉली अज्ञात चोर चोरी कर ले गए थे। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 77/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस टीम ने मामले में लगातार भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर टीकाराम उर्फ टिक्कू और एक विधि-विरुद्ध बालक की संलिप्तता सामने आई। दोनों आरोपी अन्य थाना क्षेत्रों के मामलों में भी वांछित बताए गए हैं।
पूछताछ में टैंकर चोरी का भी खुलासा
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की। उनकी निशानदेही पर करीब 4 लाख रुपये कीमत का चोरी गया ट्रैक्टर बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने थाना बंडा क्षेत्र से एक टैंकर चोरी करने की वारदात में भी शामिल होना स्वीकार किया है। इस मामले में पुलिस द्वारा अग्रिम विवेचना और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक सागर श्री अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जयवीर सिंह भदौरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर श्री नरेंद्र सोलंकी के निर्देशन में, नगर पुलिस अधीक्षक मकरोनिया श्री ललित कुमार कश्यप के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी सिविल लाइन श्री आनंद सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार किया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक आनंद सिंह ठाकुर, उप निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक 137 मोहन मुरारी, आरक्षक 330 रामसिंग, आरक्षक 996 अजय कुर्मी एवं आरक्षक 1212 विपिन की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
नोट: पुलिस के अनुसार बंडा क्षेत्र में टैंकर चोरी की स्वीकारोक्ति के संबंध में आगे की जांच जारी है।

Leave a Comment

Read More