
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में फल वितरण के बाद नगर के प्रमुख मार्गों से निकला जुलूस, जगह-जगह हुआ स्वागत
देवरी। नगर में जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पर्व इस वर्ष भी मुस्लिम समाज द्वारा हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। पैगंबर हजरत मोहम्मद मुस्तफा सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के जन्मदिवस के अवसर पर समाज द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। पर्व को लेकर करीब एक सप्ताह पूर्व से ही नगर में तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। जगह-जगह झंडे, बैनर, फ्लेक्स एवं होर्डिंग लगाए गए तथा आकर्षक विद्युत सजावट की गई।
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी और मिठाई खिलाकर खुशियां मनाईं। कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी में फल वितरण भी किया गया।
इसके बाद गांधी वार्ड बस स्टैंड से विशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस संजय नगर पहुंचा, जहां मुस्लिम समाज के लोगों ने जलसे में शामिल लोगों का इस्तकबाल किया तथा पानी और तबर्रुक का वितरण किया। इसके बाद जुलूस सिविल लाइन चौराहा, मुख्य सड़क, गांधी वार्ड, नगर पालिका चौराहा, शाह मोहल्ला होते हुए रंगरेज मोहल्ला स्थित मदीना मस्जिद पहुंचा।
जुलूस में बड़ी संख्या में युवा, नौजवान, बुजुर्ग और बच्चे शामिल हुए। डीजे, ढोल और नगाड़ों के साथ निकले जुलूस को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। गांधी वार्ड, संजय नगर, कांसखेड़ा, रंगरेज मोहल्ला, तकिया मोहल्ला सहित नगर के विभिन्न क्षेत्रों से समाज के लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।
नगर में जगह-जगह हुआ स्वागत
जुलूस का नगर में विभिन्न स्थानों पर लोगों द्वारा स्वागत किया गया। कई स्थानों पर पानी और तबर्रुक का वितरण किया गया। छोटे बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान आपसी भाईचारे, सौहार्द और एकता का संदेश देखने को मिला। मुस्लिम समाज के लोगों ने शांतिपूर्ण माहौल में पर्व की खुशियां मनाते हुए एक-दूसरे को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी।











