
सागर, 27 अगस्त 2026। त्योहारों के सीजन को देखते हुए यात्री बसों में ओवरलोडिंग, अधिक किराया वसूली और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के खिलाफ परिवहन विभाग ने सघन चेकिंग अभियान चलाया।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, सागर के निर्देशन में प्रवर्तन अमले ने बहेरिया तिराहा, दमोह, बण्डा और नरसिंहपुर मार्ग पर कुल 32 यात्री वाहनों की जांच की। जांच के दौरान 9 यात्री बसों में दस्तावेज एवं अन्य कमियां पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत चालानी कार्रवाई की गई। इनसे कुल 24 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
जांच में कुछ वाहनों में मौके पर दस्तावेज उपलब्ध नहीं होना, चालक का लाइसेंस नहीं होना, एचएसआरपी नंबर प्लेट का अभाव, हेडलाइट व इंडीकेटर खराब होना तथा रेडियम रिफ्लेक्टर टेप नहीं लगा होना जैसी कमियां सामने आईं।
त्योहारों को लेकर बस संचालकों को निर्देश
परिवहन विभाग ने जिला बस ऑपरेटर एसोसिएशन एवं ट्रक ऑपरेटर एसोसिएशन को भी निर्देश जारी किए हैं। कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए सड़क पर पैदल चल रहे कांवड़ यात्रियों से पर्याप्त दूरी बनाकर वाहन चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं रक्षाबंधन के मद्देनजर यात्री बस संचालकों को बैठने की क्षमता से अधिक यात्रियों को नहीं बैठाने, निर्धारित किराए से अधिक वसूली नहीं करने और ओवरस्पीडिंग से बचने की हिदायत दी गई है।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने वाहन स्वामियों से बीमा, फिटनेस, परमिट, पंजीयन, चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस, टैक्स एवं प्रदूषण प्रमाण पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज वाहन में रखने को कहा है। चेकिंग के दौरान खामियां मिलने पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।











