महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, जनता और व्यापारियों से किया संवाद


सागर, 27 अगस्त 2026।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश और जिला शहर कांग्रेस के आह्वान पर शहर की तीनों ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों ने “महंगाई के खिलाफ जनता की आवाज़” अभियान के तहत प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए चाय की दुकानों, होटलों, किराना दुकानों, पेट्रोल पंपों और राहगीरों से संवाद कर महंगाई को लेकर उनकी समस्याएं जानीं।
ब्लॉक क्रमांक-1 का नेतृत्व अध्यक्ष हेमराज रजक, ब्लॉक क्रमांक-2 का नेतृत्व एडवोकेट वीरेन्द्र राजे और ब्लॉक क्रमांक-3 का नेतृत्व नरेन्द्र मिश्रा ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि खाद्य सामग्री, पेट्रोल, गैस सिलेंडर सहित रोजमर्रा की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से आम जनता प्रभावित है। उन्होंने दावा किया कि महंगाई के कारण बाजार में ग्राहकों की संख्या और लोगों की क्रय शक्ति प्रभावित हुई है। इस दौरान “खा गई शक्कर, पी गया तेल, यह देखो भाजपा का खेल” जैसे नारे भी लगाए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि भाजपा सरकार में आम जनता महंगाई की मार से परेशान है। रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम बढ़ रहे हैं और सरकार जनता की आवाज सुनने को तैयार नहीं है। कांग्रेस पार्टी आम जनता की इस लड़ाई को सड़क से सदन तक लड़ेगी और हर वार्ड में पहुंचकर जनता की आवाज उठाएगी।
ब्लॉक अध्यक्ष वीरेन्द्र राजे ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। वहीं नरेन्द्र मिश्रा ने कहा कि प्रदर्शन महंगाई से जूझ रही जनता की आवाज को बुलंद करने का प्रयास है। ब्लॉक अध्यक्ष हेमराज रजक ने सरकार पर जनता की जेब पर बोझ बढ़ाने का आरोप लगाया।
कार्यक्रम का संचालन शैलेंद्र तोमर ने किया तथा आभार अवधेश तोमर ने माना। इस अवसर पर लीलाधर सूर्यवंशी, कमलेश तिवारी, नीलेश अहिरवार, हीरालाल चौधरी, चक्रेश रोहित, मान सिंह चौधरी, गंगाराम चौधरी, हरिश्चंद्र सोनवार, मयंक ठक्कर, टीकाराम दीवान, उमेश ठेकेदार, अरविंद मछंदर, दीपक कुर्मी, मिठ्ठीलाल माते, साजिद राइन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन, पदाधिकारी, मोर्चा संगठन के कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे।
उक्त जानकारी कांग्रेस प्रवक्ता कमलेश तिवारी ने दी।

Leave a Comment

Read More