
खुरई पुलिस की बड़ी सफलता — वर्ष 2002 से फरार चल रहे स्थायी वारंटी मुबारिक को दबोचा
सागर, 30 अगस्त 2026। फरार आरोपियों एवं स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खुरई शहर पुलिस ने 24 वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी मुबारिक पिता जब्बार कुरैशी, निवासी बजरिया वार्ड क्रमांक-01, दमोह खास, जिला दमोह, के विरुद्ध न्यायालय गिरीश दीक्षित, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, खुरई द्वारा स्थायी वारंट जारी किया गया था। आरोपी वर्ष 2002 से फरार चल रहा था। उसके विरुद्ध प्रकरण क्रमांक 584/02 में धारा 11/26 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई लंबित थी।
पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर नरेंद्र सोलंकी एवं एसडीओपी खुरई प्रवीण अष्ठाना के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी खुरई शहर निरीक्षक योगेन्द्र सिंह दांगी के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों एवं संपर्क सूत्रों की जानकारी जुटाई। मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर मुबारिक को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र सिंह दांगी, प्र.आर. 206 भगवान दास शिवहरे, आरक्षक 1142 गोपाल एवं आरक्षक 1656 धीरेन्द्र की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।
सागर पुलिस का फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।











