लक्ष्मी वार्ड में सीएमओ ने किया निरीक्षण, नाली सफाई और स्ट्रीट लाइट की समस्याओं का लिया जायजा


वार्डवासियों से की जनचर्चा, समस्याओं के शीघ्र निराकरण का दिया आश्वासन
देवरी। नगर पालिका देवरी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) मनोहर बिझवार एवं सब इंजीनियर सुनील खेमरिया ने गुरुवार को लक्ष्मी वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने वार्ड में साफ-सफाई, नाली व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, निर्माण कार्यों सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का मौके पर जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान लक्ष्मी वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राकेश चौरसिया ने वार्ड की विभिन्न समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। वहीं वार्डवासियों ने नालियों की साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, निर्माण कार्य सहित अन्य समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
सीएमओ एवं सब इंजीनियर ने मौके पर वार्डवासियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों ने लोगों को समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने का आश्वासन दिया।
इस दौरान लक्ष्मी वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राकेश चौरसिया, अम्बेडकर वार्ड पार्षद प्रतिनिधि नारायण वाल्मीकि एवं बाजार वार्ड पार्षद काशीराम पटेल मौजूद रहे।
15 वार्डों के विकास पर रहेगा विशेष ध्यान
नगर पालिका सीएमओ मनोहर बिझवार ने कहा कि देवरी नगर पालिका के अंतर्गत आने वाले सभी 15 वार्डों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जाएगा। शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाना नगर पालिका प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका के सभी 15 वार्डों के वार्ड प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने वार्डों में नियमित भ्रमण करें और वार्डवासियों की समस्याओं पर विशेष ध्यान दें। लोगों द्वारा बताई जाने वाली समस्याओं का संबंधित विभाग के माध्यम से शीघ्र निराकरण कराने के प्रयास किए जाएं।
सीएमओ बिझवार ने कहा कि नगर की जनता की प्रत्येक समस्या का निराकरण करना हम सभी का कर्तव्य है। नगर पालिका प्रशासन नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और शहर के समुचित विकास के लिए लगातार प्रयासरत है।

Leave a Comment

Read More