संत रविदास जी का समरसता संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे कार्यकर्ता : श्याम तिवारी

संत रविदास जी का समरसता संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे कार्यकर्ता : श्याम तिवारी

समरसता संकल्प अभियान की हुई विस्तृत समीक्षा, 10 सितंबर तक जिले में संपन्न होंगी कलश वंदन यात्राएं

सागर। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “समरसता संकल्प अभियान” के अंतर्गत सागर जिले में निकाली जा रही कलश वंदन यात्राओं एवं अभियान के आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।

भाजपा जिला अध्यक्ष श्री श्याम तिवारी, समरसता संकल्प अभियान की प्रदेश टोली के सह-संयोजक एवं विधायक इंजी. प्रदीप लारिया तथा जिला टोली संयोजक श्री चेतराम अहिरवार ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर अब तक संपन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की तथा आगामी कलश वंदन यात्राओं की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष श्री श्याम तिवारी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने अपने जीवन और विचारों से सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का जो संदेश दिया, वह सदैव समाज का मार्गदर्शन करता रहेगा। समरसता संकल्प अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को आत्मीयता और समरसता के सूत्र में जोड़ने का व्यापक सामाजिक संकल्प है। कार्यकर्ता संत रविदास जी के विचारों और समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं तथा अभियान में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करें।

समरसता संकल्प अभियान के प्रदेश टोली सह-संयोजक एवं विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने कहा कि संत रविदास जी ने सामाजिक भेदभाव और ऊंच-नीच से मुक्त समरस समाज का मार्ग दिखाया। उनकी 650वीं जयंती उनके विचारों को स्मरण करने के साथ ही उन्हें सामाजिक जीवन में साकार करने का अवसर है। कलश वंदन यात्राएं केवल यात्राएं नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता के भाव को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर इन यात्राओं को व्यापक एवं प्रभावी बनाने का आह्वान किया।

बैठक में जिला टोली संयोजक श्री चेतराम अहिरवार ने सागर जिले की सागर, नरयावली एवं खुरई विधानसभा में संपन्न हुई कलश वंदन यात्राओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। साथ ही उन्होंने आगामी सुरखी एवं बीना विधानसभा में आयोजित होने वाली कलश वंदन यात्राओं की तैयारियों एवं संगठनात्मक व्यवस्थाओं से भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आगामी 10 सितंबर तक जिले में निर्धारित सभी कलश वंदन यात्राएं संपन्न हो जाएंगी।

जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि बैठक में वरिष्ठ नेता श्याम सुंदर मिश्रा, राजकमल केशरवानी, जिला पदाधिकारी जगन्नाथ गुरैया, विक्रम सोनी, मनीष चौबे, राहुल वैद्य, बालकिशन सोनी, जय सोनी, मंडल अध्यक्ष अमित वैशाखिया, पूर्व युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष नितिन चौधरी, युवा मोर्चा जिला महामंत्री नितिन सोनी सहित रिंकू नामदेव, अंशुल हर्ष, शिवा यादव, गुड्डू सोनी, सुप्रीयो राय एवं पार्टी के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

जिला मीडिया प्रभारी
श्रीकांत जैन
भाजपा सागर

Leave a Comment

Read More