बारियाघाट में IMA का मेगा स्वास्थ्य शिविर, 678 नागरिकों की जांच, 11 नए शुगर मरीज मिले


विधायक शैलेंद्र जैन ने IMA के जनसेवा अभियान की सराहना, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिया स्वास्थ्य परामर्श
सागर, 5 सितंबर 2026। स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के घर के नजदीक पहुंचाने और गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान के उद्देश्य से इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) सागर एवं स्वास्थ्य विभाग सागर के संयुक्त तत्वावधान में बारियाघाट वार्ड में निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 678 नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि जांच के दौरान 11 नए शुगर मरीजों की पहचान हुई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन दिया।
शिविर में विशेष रूप से मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, बढ़े हुए कोलेस्ट्रॉल सहित विभिन्न गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग की गई। नागरिकों के ब्लड प्रेशर, फास्टिंग एवं पोस्टप्रैंडियल ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल एवं लिपिड प्रोफाइल, HbA1c, विटामिन D3, ECG, आवश्यकतानुसार एक्स-रे, नेत्र परीक्षण तथा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही कम्प्यूटरीकृत श्वसन जांच के माध्यम से सांस एवं फेफड़ों से संबंधित समस्याओं की भी जांच की गई।
घर के पास विशेषज्ञ सेवाएं मिलना आमजन के लिए बड़ी सुविधा : शैलेंद्र जैन
कार्यक्रम में उपस्थित नगर विधायक शैलेंद्र जैन ने स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली, तनाव, अनियमित खान-पान और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय रोग जैसी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में बीमारी के उपचार के साथ-साथ नियमित स्वास्थ्य जांच, जागरूकता और रोकथाम पर भी ध्यान देना जरूरी है।
उन्होंने IMA सागर द्वारा लगातार किए जा रहे सामाजिक एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों की प्रशंसा करते हुए कहा कि चिकित्सा विशेषज्ञों को समुदाय के बीच पहुंचाने वाली ऐसी पहल निश्चित रूप से जनहित में महत्वपूर्ण है।
समय पर पहचान से गंभीर बीमारी को रोका जा सकता है : डॉ. तल्हा साद
IMA सागर अध्यक्ष डॉ. तल्हा साद ने कहा कि शिविर का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य जांच करना नहीं, बल्कि लोगों को नियमित स्क्रीनिंग और बीमारी की शुरुआती पहचान के प्रति जागरूक करना भी है।
उन्होंने कहा कि मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग और कई श्वसन संबंधी बीमारियां शुरुआती अवस्था में कम लक्षणों के साथ मौजूद रह सकती हैं। नियमित जांच से बीमारी के जोखिम की समय रहते पहचान की जा सकती है और आवश्यक उपचार एवं जीवनशैली में बदलाव किए जा सकते हैं।
पार्षद वैदेही पुरोहित का महत्वपूर्ण सहयोग
बारियाघाट वार्ड की पार्षद  वैदेही पुरोहित ने शिविर की व्यवस्थाओं एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण सहयोग किया। उन्होंने कहा कि वार्ड में इस प्रकार के शिविर से नागरिकों को एक ही स्थान पर अनेक स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श की सुविधा मिली। उन्होंने IMA एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
सिविल सर्जन डॉ. आर.एस. जयंत ने भी शिविर की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को अस्पतालों से बाहर समुदाय तक पहुंचाना और नियमित स्वास्थ्य स्क्रीनिंग को बढ़ावा देना वर्तमान समय की आवश्यकता है।
विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने दी सेवाएं
शिविर में डॉ. एस.एम. सिरोठिया, डॉ. प्रदीप चौहान, डॉ. ज्योति चौहान, डॉ. जितेंद्र सराफ, डॉ. संज्योत माहेश्वरी, डॉ. प्रशांत तिवारी, डॉ. लिप्सा धार, डॉ. राजकुमार खरे, डॉ. पी.के. रोहन, डॉ. राजेन्द्र केशरवानी, डॉ. मोनिका जैन, डॉ. आर.एस. जयंत एवं डॉ. अनिल तिवारी सहित अन्य चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
IMA सागर ने भविष्य में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं जनजागरूकता शिविर आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Leave a Comment

Read More