
बंडा में जहरीली शराब से मौतों के बाद प्रशासन अलर्ट
सागर। बंडा ब्लॉक के ग्राम नौराज और गूगरा खुर्द में अवैध जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के बाद प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी ने घटनास्थल का जायजा लिया।
अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। साथ ही अस्पताल में भर्ती मरीजों से संबंधित इलाज एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।
अधिकारियों ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रथम दृष्टया एहतियात के तौर पर क्षेत्र की 6 शराब दुकानों को सील किया गया है। साथ ही शराब के सैंपल लेने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि शराब की गुणवत्ता और उसमें किसी जहरीले पदार्थ की मौजूदगी की जांच की जा सके।
⚠️ प्रशासन की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जिन लोगों ने हाल ही में शराब का सेवन किया है और उन्हें उल्टी, सिरदर्द, बुखार अथवा अन्य असामान्य लक्षण महसूस हो रहे हैं, वे लापरवाही न बरतें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचकर जांच एवं उपचार कराएं।
अवैध शराब का सेवन जानलेवा हो सकता है। किसी भी संदिग्ध शराब का सेवन न करें।











