
संगठन केवल बैठकों से नहीं बल्कि संबंधों से भी बनता है; कार्यकर्ता के आचरण में दिखें भाजपा के संस्कार : गौरव रणदिवे
सरकार के कामों के राजदूत बनकर समाज के बीच जाएं कार्यकर्ता : लोकेन्द्र पाराशर
विकसित भारत 140 करोड़ भारतीयों का राष्ट्रीय संकल्प; 2047 का भारत आज के हमारे निर्णयों से बनेगा : डॉ. लता वानखेड़े
प्रदेश नेतृत्व के संकल्प को मंडल, शक्ति केंद्र और प्रत्येक बूथ तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी : श्याम तिवारी
राष्ट्रीय सुरक्षा से किसान कल्याण तक भाजपा सरकार ने विकास और विश्वास का नया अध्याय लिखा : शैलेन्द्र कुमार जैन
संत रविदास का समरसता संदेश किसी एक समाज का नहीं, संपूर्ण समाज का है : इंजी. प्रदीप लारिया
सागर। भारतीय जनता पार्टी सागर जिला की जिला कार्यसमिति की बैठक सोमवार को धर्मश्री स्थित संभागीय भाजपा कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना, प्रदेश कार्यसमिति में पारित राजनीतिक प्रस्ताव, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान, विकसित भारत@2047 तथा संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अंतर्गत चल रहे समरसता संकल्प अभियान सहित विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक को भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं सागर संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे, प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, सांसद एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. लता वानखेड़े, जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन एवं नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने संबोधित किया।
वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ जिला कार्यसमिति की बैठक का विधिवत शुभारंभ हुआ। बैठक के दौरान बंडा क्षेत्र में हुई दुखद घटना में दिवंगत हुए लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
प्रदेश कार्यसमिति के संकल्प को बूथ स्तर तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी : श्याम तिवारी
बैठक की प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने नवगठित जिला कार्यसमिति के सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि नवीन जिला कार्यसमिति के गठन के बाद यह प्रथम बैठक है। यह केवल संगठनात्मक औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रदेश नेतृत्व से प्राप्त दिशा को धरातल पर उतारने और आगामी कार्ययोजना को मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक प्रभावी बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीरामराजा सरकार की पावन नगरी ओरछा में संपन्न प्रदेश कार्यसमिति ने सेवा, सुशासन, सामाजिक समरसता, संगठन सुदृढ़ीकरण और विकसित भारत के संकल्प को लेकर स्पष्ट दिशा दी है। अब इन संकल्पों को सागर जिले के प्रत्येक मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
श्याम तिवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसका देवतुल्य कार्यकर्ता और उसकी विशिष्ट कार्यपद्धति है। जिला कार्यसमिति का प्रत्येक सदस्य अपने दायित्व को केवल पद के रूप में न देखकर संगठन और समाज के प्रति जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार करे। नियमित प्रवास, कार्यकर्ता संवाद, लाभार्थी संपर्क और बूथ स्तर तक सक्रियता ही संगठन को और अधिक मजबूत बनाएगी।
संगठन केवल बैठकों से नहीं, संबंधों से भी बनता है : गौरव रणदिवे
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं सागर संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की पहचान कार्यकर्ताओं की निष्ठा, अनुशासन, समर्पण और सामूहिकता से बनी है। भाजपा का गौरवशाली इतिहास उन असंख्य कार्यकर्ताओं के त्याग और तपस्या का परिणाम है, जिन्होंने पद अथवा सत्ता की अपेक्षा किए बिना गांव-गांव जाकर संगठन को खड़ा किया।
उन्होंने कहा कि आज पंच से लेकर प्रधानमंत्री तक भाजपा का प्रतिनिधित्व है, लेकिन इस उपलब्धि के साथ हमारी जिम्मेदारियां भी पहले से कहीं अधिक बढ़ गई हैं। कार्यकर्ता की पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसके व्यवहार, विनम्रता, धैर्य, प्रवास और संगठन के प्रति समर्पण से होनी चाहिए।
रणदिवे ने कहा—“पांव में चक्कर, मुंह में शक्कर और सिर पर बर्फ” भाजपा कार्यकर्ता की कार्यशैली का मूल मंत्र होना चाहिए। कार्यकर्ता निरंतर प्रवास करे, मधुर व्यवहार रखे और कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य एवं संयम न खोए।
उन्होंने कहा कि जिस दिन कार्यकर्ता के भीतर ‘मैं’ का भाव आ जाता है, उसी दिन उसके पतन की शुरुआत हो जाती है। भाजपा की कार्यपद्धति ‘मैं’ नहीं, ‘हम’ की है। संगठन में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा हो सकती है, लेकिन वह दुश्मनी अथवा गुटबाजी में परिवर्तित नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा—“हमारा विरोधी बैठक के अंदर नहीं, बाहर है।” बैठक में बैठे सभी कार्यकर्ता एक ही विचार परिवार के सदस्य हैं, इसलिए आपसी मतभेद कभी संगठन हित से ऊपर नहीं होने चाहिए।
सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर रणदिवे ने कहा कि कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया का संयमित उपयोग करना चाहिए। सोशल मीडिया अपने ही साथियों के विरुद्ध लिखने का नहीं, बल्कि संगठन के विचार, सरकार के कार्य और सकारात्मक संदेश समाज तक पहुंचाने का माध्यम होना चाहिए।
उन्होंने कहा—“संगठन केवल बैठकों से नहीं चलता, संगठन संबंधों से भी बनता है।” कार्यकर्ता एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनें। यही आत्मीयता संगठन को परिवार का स्वरूप देती है।
उन्होंने जिला कार्यसमिति सदस्यों से कहा कि भाजपा की संगठनात्मक अवधारणा स्पष्ट है—“हर कार्यकर्ता के लिए काम और हर काम के लिए कार्यकर्ता।” प्रत्येक कार्यसमिति सदस्य किसी बूथ, शक्ति केंद्र, प्रकल्प, प्रकोष्ठ अथवा सामाजिक विषय की निश्चित जिम्मेदारी लेकर निरंतर कार्य करे।
सरकार के कामों के राजदूत बनकर समाज के बीच जाएं कार्यकर्ता : लोकेन्द्र पाराशर
भाजपा प्रदेश मंत्री एवं सागर जिला प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की कार्यपद्धति राष्ट्रीय स्तर से प्रदेश, प्रदेश से जिला, जिला से मंडल और मंडल से बूथ तक विचार और कार्ययोजना पहुंचाने की है। कार्यकर्ता बैठकों में केवल विषय सुनने के लिए नहीं, बल्कि संगठन और सरकार के कामों के राजदूत बनकर समाज के बीच जाने के लिए बैठता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में देश और प्रदेश में जो ऐतिहासिक कार्य हुए हैं, उनकी सही जानकारी मतदाता तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। लोकतंत्र में मतदाता सबसे बड़ी शक्ति है और उसका विश्वास निरंतर संवाद, संपर्क तथा संवेदनशीलता से अर्जित होता है।
पाराशर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि यह केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन, संवेदनशीलता और राष्ट्र निर्माण के भाव को समाज तक पहुंचाने का अभियान है।
उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत कार्यकर्ता लाभार्थियों तक पहुंचें, उनकी वास्तविक समस्याएं जानें और केवल योजनाओं का उल्लेख करने के बजाय यह भी सुनिश्चित करें कि उन्हें योजनाओं का लाभ बिना किसी कठिनाई के मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि लाभार्थियों की वास्तविक कहानियां ही सरकार के कामों का सबसे प्रभावी संदेश हैं। वीडियो और रील में लाभार्थी स्वयं अपनी भाषा में बताए कि योजना से उसके जीवन में क्या परिवर्तन आया। कार्यकर्ता स्वयं प्रचार का केंद्र बनने के बजाय लाभार्थी को केंद्र में रखे।
पाराशर ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “नमो सेवा गाथा”, “आशीर्वाद का दिया”, “आंगन का उत्सव”, लाभार्थी संपर्क, विकसित भारत से जुड़े कार्यक्रम, सेवा गतिविधियां, विकास कार्यों का भ्रमण, नागरिक सेवा और नवाचार आधारित गतिविधियों को प्रभावी बनाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड की लोकभाषा, लोकगीत और स्थानीय कलाकारों के माध्यम से सरकार और संगठन का संदेश सहज रूप से समाज तक पहुंचाया जा सकता है। अभियान केवल प्रचार का माध्यम न बने, बल्कि सेवा, समस्या समाधान और सामाजिक संपर्क का वास्तविक माध्यम बने।
विकसित भारत केवल आर्थिक लक्ष्य नहीं, राष्ट्रीय संकल्प : डॉ. लता वानखेड़े
सांसद एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचार, संस्कार और राष्ट्रसेवा का संकल्प है। व्यक्ति और पद से बड़ा संगठन होता है तथा सत्ता अंतिम लक्ष्य नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और जनसेवा का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि हमारे सामने केवल चुनाव जीतने का लक्ष्य नहीं, बल्कि उससे कहीं बड़ा लक्ष्य विकसित भारत@2047 है। वर्ष 2047 में भारत अपनी स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूर्ण करेगा और तब भारत को विकसित, आत्मनिर्भर, सक्षम और विश्व का नेतृत्व करने वाला राष्ट्र बनाना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का अर्थ केवल बड़ी अर्थव्यवस्था अथवा ऊंची जीडीपी नहीं है। विकसित भारत वह होगा जहां गरीब के बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रत्येक परिवार को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, किसान को तकनीक और बाजार, बेटियों को समान अवसर तथा युवाओं को नवाचार और रोजगार सृजन का मंच मिले।
उन्होंने कहा—“विकसित भारत किसी एक व्यक्ति अथवा सरकार का सपना नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का राष्ट्रीय संकल्प है।”
डॉ. वानखेड़े ने कहा कि भारत का युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान भी है। युवाओं को नौकरी मांगने वाले से आगे बढ़ाकर नवाचार करने वाला, स्टार्टअप खड़ा करने वाला और रोजगार देने वाला बनाना विकसित भारत की आधारशिला है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि निर्णय लेने वाली, नेतृत्व करने वाली और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाना होगा। हमें ऐसा वातावरण बनाना है जहां किसी बेटी को यह न पूछना पड़े कि वह क्या कर सकती है, बल्कि समाज उससे पूछे—“तुम क्या करना चाहती हो?”
उन्होंने कहा कि 2047 का भारत आज के हमारे निर्णयों से बनेगा। आज हम जिस युवा को अवसर देंगे, जिस महिला को नेतृत्व देंगे, जिस किसान को तकनीक से जोड़ेंगे और जिस बच्चे को बेहतर शिक्षा देंगे, वही आने वाले विकसित भारत की नींव बनेगा।
राष्ट्रीय सुरक्षा से किसान कल्याण तक भाजपा सरकार ने विकास और विश्वास का नया अध्याय लिखा : शैलेन्द्र कुमार जैन
बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विचारधारा, राष्ट्रनिष्ठा, त्याग और समर्पण पर आधारित संगठन है। पार्टी की वर्तमान शक्ति के पीछे असंख्य कार्यकर्ताओं का संघर्ष और बलिदान है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने पर अभिनंदन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का प्रत्येक क्षण राष्ट्रहित के लिए समर्पित रहा है। उनके नेतृत्व में भारत ने आर्थिक, सामरिक और वैश्विक स्तर पर अभूतपूर्व प्रगति की है।
जैन ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के विषय पर केंद्र सरकार ने स्पष्ट और दृढ़ नीति अपनाई है। आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई, ऑपरेशन सिंदूर और आंतरिक सुरक्षा के क्षेत्र में उठाए गए कदमों ने भारत की सामरिक क्षमता और आत्मविश्वास को दुनिया के सामने स्थापित किया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास, निवेश, रोजगार, कृषि, अधोसंरचना, जल संरक्षण और गौ-संवर्धन के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। कृषक कल्याण योजनाओं, समर्थन मूल्य पर खरीदी, कृषि उत्पादन में वृद्धि और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार ने किसानों को मजबूती प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि आने वाला समय चुनौतियों के साथ अवसरों का भी समय है। कार्यकर्ता आत्मविश्वास, अनुशासन और सामूहिकता के साथ संगठन के लक्ष्यों को पूरा करने में जुटें और केंद्र तथा प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं।
संत रविदास का समरसता संदेश किसी एक समाज का नहीं, संपूर्ण समाज का है : इंजी. प्रदीप लारिया
समरसता संकल्प अभियान के प्रदेश सह-संयोजक एवं नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर चलाया जा रहा समरसता संकल्प अभियान सामाजिक एकता, समानता और समरसता का व्यापक जनअभियान है।
उन्होंने कहा कि संत रविदास ने अपने जीवन और वाणी से ऊंच-नीच, भेदभाव और सामाजिक दूरी को समाप्त कर मानव मात्र में एकात्म भाव स्थापित करने का संदेश दिया। उनका विचार किसी एक समाज का नहीं, संपूर्ण समाज का है।
इंजी. लारिया ने कहा कि सागर जिले में कलश वंदन यात्राओं को समाज का व्यापक समर्थन मिला है। सर्व समाज की भागीदारी ने यह सिद्ध किया है कि सामाजिक समरसता केवल संगठन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज की आवश्यकता और सामूहिक संकल्प है।
उन्होंने कहा कि आगामी चरण में विद्यार्थियों और छात्रावासों तक संत रविदास की वाणी, डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचार और सामाजिक समरसता का संदेश पहुंचाया जाएगा। नई पीढ़ी को संतों और महापुरुषों के वास्तविक विचारों से परिचित कराना आज की बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि सागर में लगभग 102 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन संत शिरोमणि गुरु रविदास का भव्य मंदिर एवं स्मारक आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था के साथ सामाजिक समरसता और समानता का प्रेरणा केंद्र बनेगा।
जिला कार्यसमिति की बैठक का संचालन जिला महामंत्री सुमित यादव ने किया एवं आभार सेवा संकल्प अभियान के जिला संयोजक जगन्नाथ गुरैया ने व्यक्त किया।
जिला मीडिया प्रभारी ने बताया कि बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुधा जैन, कुश समाज कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रभुदयाल पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, महापौर संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, पूर्व सांसद राजबहादुर सिंह, पूर्व विधायक पारुल साहू, नारायण कबीरपंथी, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष याकृति जड़िया, अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अमित कचवाहा, सेवा संकल्प अभियान टोली सदस्य तृप्ति लोधी एवं नितिन सोनी मंचासीन रहे।
बैठक में जिला पदाधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर परिषद अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, जिला कार्यसमिति सदस्य, मोर्चों के प्रदेश पदाधिकारी एवं जिलाध्यक्ष, प्रकोष्ठों के प्रदेश सह-संयोजक एवं जिला संयोजक, मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष तथा सेवा संकल्प अभियान की मंडल टोलियों के सदस्य उपस्थित रहे।










