
सागर, 7 सितंबर। पुलिस अधीक्षक सागर के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के निर्माण, विक्रय, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अमानक शराब के विरुद्ध 66 अलग-अलग प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए कुल 250.827 लीटर अमानक शराब जब्त की है।
पुलिस के अनुसार जब्त शराब में 159.497 लीटर देशी शराब, 17.73 लीटर विदेशी शराब और 73.6 लीटर कच्ची हाथ भट्ठी की शराब शामिल है। जब्त शराब की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 2 हजार 500 रुपये बताई गई है।
1965 लीटर कच्चा लहान नष्ट
अवैध एवं अमानक शराब निर्माण के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब बनाने में उपयोग किए जाने वाले 1965 लीटर कच्चे लहान को भी मौके पर नष्ट किया।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी
सागर पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब के निर्माण, विक्रय, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी है। पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की निगरानी की जा रही है तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध और अमानक शराब के कारोबार को रोकने के लिए आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।










