
साफ-स्वच्छ और स्वस्थ्य वातावरण बच्चों के शारीरिक, मानसिक और बोद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है : निगमायुक्त
निगमायुक्त ने छात्र-छात्राओं व शिक्षकों से स्वच्छता संवाद कर स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 व राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम की जानकारी दी
निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे चूने से पोतकर लिपाई कर रही महिला को स्वच्छता कार्य हेतु किया प्रोत्साहित
सागर दिनांक 22 जनवरी 2025
साफ-स्वच्छ और स्वस्थ्य वातावरण बच्चों के शारीरिक, मानसिक और बोद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।बच्चों को पढ़ने और खेलने के लिए स्वच्छ वातावरण तैयार करें। उक्त निर्देश निगमायुक्त सह कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ सागर स्मार्ट सिटी राजकुमार खत्री ने बुधवार को एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला धर्मश्री अम्बेडकर वार्ड के सामने निर्माणाधीन रोड के कार्यों के निरीक्षण के दौरान उक्त स्कूल में पहुंचकर प्रिंसिपल व स्कूल स्टॉफ को दिये। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने उक्त स्कूल में औचक पहुंच कर स्कूल की साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने शिक्षकों व छात्र-छात्राओं से स्वच्छता संवाद भी किया। उन्होंने स्कूल प्रांगण में गंदगी देखकर स्कूल के प्रिंसिपल, शिक्षकों और अन्य स्टॉफ से स्कूल की नीयमित साफ-सफाई की जानकारी ली और स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 व नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम अंतर्गत शहर में स्वच्छता के किये जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने प्रिंसिपल से कहा की स्कूल स्टॉफ को नित्य समय पर साफ-सफाई कराने हेतु निर्देशित करें। गंदगी में बच्चों को पढ़ाने और खेलने पर शिक्षा प्रभावित होगी। स्कूल परिसर से लगे रहवासी मकानों द्वारा स्कूल परिसर व आस-पास गंदगी फैलाने पर चिन्हित कर जुर्माना लगाने के भी निर्देश निगमकर्मियों को दिये। उन्होंने 8वी कक्षा तक संचालित इस स्कूल के बच्चों से भी स्वच्छता संवाद किया व पढ़ाई के साथ उनके कैरियर निर्माण की दिशा में रूचि जानी। उन्होंने बच्चों को साफ-सफाई से रहने के फायदे बताएं और उन्हें स्वच्छता अपनाने हेतु प्रोत्साहित किया।
निगमायुक्त ने निर्माणाधीन रोड निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे चूने से पोतकर लिपाई कर रही महिला को देखा और उसके पास पहुंचकर महिला द्वारा स्वच्छता के कार्य हेतु प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा की पुराने समय से हमारी परम्पराओं में स्वच्छता का विशेष स्थान है हम सब मिलकर सागर को साफ-स्वच्छ और सुंदर शहर बनाएंगे। उन्होंने संगीत विद्यालय तिराहा रोड निर्माण, धर्मश्री बायपास चौराहा उन्नयन कार्य एवं एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला धर्मश्री अम्बेडकर वार्ड के सामने निर्माणाधीन रोड के कार्यों का निरीक्षण किया एवं ठेकेदार एजेंसी को आवश्यक निर्देश दिये।











