
बच्चों को स्नेह, और सही मार्गदर्शन मिले तो उनके आने वाले कल को नई दिशा मिलती है : रिशांक तिवारी
बाल संप्रेक्षण गृह में बच्चों के बीच पहुंचे महापौर संगीता सुशील तिवारी एवं संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी
बच्चों से आत्मीय संवाद कर बढ़ाया उत्साह, भेंट की खेल सामग्री
सागर। बाल संप्रेक्षण गृह में निवासरत बच्चों के बीच संकल्प फाउंडेशन द्वारा एक आत्मीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सागर नगर निगम की महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य वंदना तोमर एवं संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी ने बच्चों के बीच समय बिताया तथा बच्चों से सहज वातावरण में संवाद किया और शिक्षा, खेल, उनकी रुचियों तथा भविष्य को लेकर बातचीत की। इस अवसर पर संकल्प फाउंडेशन की ओर से बच्चों को क्रिकेट बैट, लूडो, कैरम सहित विभिन्न खेल एवं मनोरंजन की सामग्री भेंट की गई।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने बच्चों से उनकी रुचियों और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जाना तथा उन्हें शिक्षा, अनुशासन और निरंतर प्रयास के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस संवाद के दौरान बच्चों ने भी अतिथियों से खुलकर बातचीत की तथा खेल सामग्री मिलने पर बच्चों में उत्साह दिखाई दिया।
इस अवसर पर महापौर संगीता सुशील तिवारी ने संकल्प फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि बाल संप्रेक्षण गृह में बच्चो की बात सुनना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सामाजिक संस्थाओं द्वारा इस प्रकार के संवेदनशील और सकारात्मक प्रयास समाज में सहभागिता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने संकल्प फाउंडेशन के प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी बच्चों के हित और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाने की बात कही।
इस अवसर पर संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी ने कहा कि जब बच्चों को स्नेह, संवाद और सही मार्गदर्शन मिलता है तो उनके सपनों को नई दिशा मिलती है और वे आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य की ओर आगे बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे के सपने और उसका भविष्य महत्वपूर्ण है। ऐसे में हमारा प्रयास होना चाहिए कि यहां के बच्चों को ऐसा सकारात्मक वातावरण मिले, जहां वे अपने जीवन के लिए लक्ष्य निर्धारित कर सकें, तथा वे शिक्षा और अनुशासन के महत्व को समझें एवं पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ उन्हें प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ें।
रिशांक तिवारी ने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए स्वयं पर विश्वास, अनुशासन और निरंतर प्रयास सबसे महत्वपूर्ण हैं। शिक्षा और परिश्रम के माध्यम से वे अपने भविष्य को बेहतर दिशा देने के साथ परिवार और समाज के लिए प्रेरणा बन सकते हैं। उन्होंने बच्चों को देश और समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने तथा भविष्य में ईमानदार, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए भी प्रेरित किया।
इस दौरान तिवारी ने कहा कि संकल्प फाउंडेशन का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर संवाद और सहभागिता के माध्यम से सामाजिक सरोकारों से जुड़ना है। फाउंडेशन द्वारा शिक्षा, पर्यावरण, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में अपने प्रयास निरंतर आगे बढ़ाए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान संकल्प फाउंडेशन की ओर से बच्चों को क्रिकेट बैट, लूडो, केरम सहित विभिन्न खेल एवं मनोरंजन सामग्री भेंट की गई। इस अवसर पर संकल्प फाउंडेशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी बच्चों के बीच समय बिताया तथा उनसे संवाद किया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर अपने भविष्य की ओर आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में किशोर न्याय बोर्ड सदस्य सुश्री वंदना तोमर, सदस्य चंद्रप्रकाश शुक्ला, टिंकू साहू, महक समैया, निष्कर्ष दुबे, संचित शुक्ला, सोनिल पाठक, शुभम नामदेव, नमन चौबे, शुभम सागर, शिवांक तिवारी, सचिन, सागर जाटव, मोनू लाड़िया, रत्नेश जाटव एवं अन्नू जाटव सहित संकल्प फाउंडेशन के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।











