
मकरोनिया में जर्जर मकान की छत गिरी, मलबे में दबने से 6 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, पहले ही जारी हो चुके थे नोटिस
सागर जिले की मकरोनिया नगर पालिका के दीनदयाल नगर क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक जर्जर मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से 6 वर्षीय मासूम बच्ची सृष्टि रैकवार की मलबे में दबकर मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, जबकि मकान मालिक की लापरवाही और नगर पालिका की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, सृष्टि रैकवार अपने नाना राम भरोसे रैकवार के घर आई हुई थी। राम भरोसे रैकवार अपने परिवार के साथ उक्त मकान में किराए से रहते है। घटना के समय मासूम घर के अंदर सो रही थी, तभी जर्जर छत अचानक गिर गई और वह मलबे के नीचे दब गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर बच्ची को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
नगर पालिका मकरोनिया के अधिकारियों के अनुसार, संबंधित मकान को पहले ही जर्जर घोषित किया जा चुका था। मकान मालिक को मकान खाली कराने और आवश्यक कार्रवाई करने के लिए दो बार नोटिस भी जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद न तो मकान खाली कराया गया और न ही उसकी मरम्मत कराई गई। हादसे के बाद नगर पालिका की कार्यप्रणाली और मकान मालिक की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक प्रदीप लारिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं नगर पालिका के सीएमओ ने भी पुष्टि की कि मकान मालिक को जर्जर भवन को लेकर नोटिस जारी किए गए थे।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।











