
श्रीराम मंदिर निर्माण अयोध्या की प्रथम वर्षगांठ पर शीतला माता मंदिर में श्री हनुमान चालीसा एवं महाआरती का आयोजन हुआ
शीतला माता मंदिर चौराहे के सुंदर कायाकल्प के उपलक्ष्य में निगमायुक्त और सफाईमित्रों का सम्मान किया गया
सागर दिनांक 22 जनवरी 2025
श्री राम मंदिर के अयोध्या में भव्य निर्माण की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर शीतला माता मंदिर के पास श्री हनुमान चालीसा एवं महाआरती का आयोजन श्रीराम सेना संगठन के तत्वाधान में किया गया। इस दौरान शीतला माता मंदिर चौराहा के सौन्दर्यीकरण कर स्थानीय रहवासियों को एक स्वच्छ सुंदर प्रांगण और चौराहा देने के उपलक्ष्य में श्रीराम सेना संगठन के सभी सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री सहित सफाई मित्रों का नागरिक सम्मान किया। सभी उपस्थित नागरिकों ने उत्साह के साथ हनुमान चालीसा किया और माँ शीतला के जयकारे लगाये। 21 दीपकों की महाआरती सहित रहवासियों ने स्वयं आटे से निर्मित दीपकों से महाआरती की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शामिल नागरिकों को प्रसादी वितरण किया गया।
निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री ने श्री राम मंदिर स्थापना की प्रथम वर्षगांठ पर आयोजित इस कार्यक्रम के लिए संगठन और स्थानीय रहवासियों को शुभकामनायें दीं। उन्होंने कहा की शीतला माता मंदिर पर स्थापित श्रीकृष्ण अर्जुन रथ और यहां के अन्य निर्माण लेंडमार्क बन चुके हैं। सौन्दर्यीकरण से न सिर्फ शहर सुंदर स्वच्छ होता है बल्कि नागरिकों की सोच में भी सकारात्मक परिवर्तन आते हैं। यहां के बच्चे बुजुर्ग महिलाएं युवा आदि सभी आज स्वच्छता के मंच पर एक साथ खड़े हैं और आज हम गर्व से कह सकते हैं की स्वच्छता की चिंगारी यहां नागरिकों के मन में जगाई हैं और हम सब मिल कर सागर को स्वच्छता में नंबर वन बनाएंगे। सफाई मित्रों को आपने सम्मानित किया इसके लिए धन्यवाद, मुझसे ज्यादा ये सफाईमित्र सम्मान के हकदार हैं सुबह 4 से देर रात्रि तक ये सफाई में जुटे रहते हैं। आज चौराहे पर हाईमास लगाया गया है बच्चे महिलाएं सभी पर्याप्त रौशनी होने से सभी घूमने जा सकते हैं, यहां गजीबो पार्क में बैठ सकते हैं। नागरिकों में एक बड़ा व्यवहारिक बदलाव दिख रहा है। आपका चेहरा दिखा कर ही शहर के अन्य ऐसे क्षेत्रों को स्वच्छ सुंदर बनाएंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से कहा की आप अपने घरों का कचरा अलग अलग डस्टबिन में रखें और कचरा कलेक्शन वाहनों में दें। यदि वाहन आपके द्वार न पहुँचे तो सफाई दरोगा और सफाईमित्रों को जानकारी दें।
श्रीराम सेना संस्थापक श्री अमित खटीक ने कहा की हमारा शीतला माता मंदिर चौराहा सागर के ब्लैक स्पॉट क्षेत्र के रूप में पिछड़ा दिखने वाला क्षेत्र था। ऐसे पिछड़े और विकास व सुंदरता से अछूते क्षेत्र को निगमायुक्त के प्रयासों ने अद्भुत और अलौकिक बना दिया है। आज हम गर्व से अपने घरों का पता बताते हैं की हमारा घर शीतला माता मंदिर पर लगे रथ के पास है। कार्यक्रम में पार्षद श्री गुड्डा खटीक, श्री दीपक खटीक, श्री दीपक नामदेव, श्री अंकित खटीक, श्रीकांत सेन, श्री गणेश सोनी, श्री शशांक दीक्षित नवीन पटैल सहित नागरिक आदि शामिल हुये।











