
जिनके मन में मानव कल्याण, सेवा और परोपकार का भाव है,वे अवश्य रक्तदान करें- पूर्व गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह
चार दिवसीय रक्तदान शिविर को लेकर जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं की बैठकें हुईं
सागर। पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने दीपाली परिसर में 16 मई से 19 मई तक आयोजित चार दिवसीय विशाल रक्तदान शिविर की तैयारियों को लेकर खुरई विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों व भाजपा कार्यकर्ताओं की दो पृथक बैठकों को सम्बोधित किया। उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं से कहा कि जिनके मन में सेवा,दान, परोपकार, मानव कल्याण का भाव है वे इन चार दिनों में आकर रक्तदान कर सकते हैं। यहां रक्तदाताओं को रक्तदान से संबंधित पूरी चिकित्सकीय सुविधाएं, भोजन, पोषण, वातानुकूलित व्यवस्थाओं के साथ उपलब्ध रहेगा।
पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने उपस्थित जनसमुदाय से कहा कि हम लोग हर वर्ष रक्तदान का आयोजन करते है और रक्तदान महादान होता है। रक्तदान को यज्ञ से भी बड़ा काम मानते हैं। यज्ञ में तो हम सुख, समृद्धि की कामना करते हैं पर रक्तदान करके हम जीवन मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहे किसी व्यक्ति को साक्षात जीवन दे सकते हैं। उन्होंने बताया कि 10 वर्ष पहले हमने रक्तदान की शुरुआत की। आज आप सबके सहयोग और प्रयास से 9 वर्षो में 11500 यूनिट रक्तदान कर चुके है। इस साल यह 10 वां वर्ष है।
मेडीकल साइंस यह मानता है कि एक यूनिट ब्लड से चार लोगों को जीवनदान मिलता है। इस हिसाब से देखे तो लगभग 50 हजार लोगों को जीवनदान हम सभी के इस सामूहिक आयोजन रक्तदान शिविरों से मिला है। उन्होंने कहा कि जीवन मृत्यु तो ईश्वर के हाथ में है, लेकिन रक्त आपके माध्यम से किसी को मिला तो आप निमित्त बने। इस पुण्य और सेवा के निमित्त स्वरूप ईश्वर हमें चुन रहा है तो ईश्वर की कृपा हमारे ऊपर है। उन्होंने कहा कि रक्तदान का प्रचार प्रसार ज्यादा से ज्यादा हो। शहर में लगभग सभी जागरूक हैं लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में लोग अभी भी अनभिज्ञ है। रक्तदान से बीपी, शुगर, कैंसर होने की संभावना कम हो जाती है, रोगप्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है जिससे बीमारियां कम होती हैं। उतना ही नया रक्त 24 घंटे में शरीर में पुनः बन जाता है। इस प्रकार रक्तदान से हमारे शरीर को लाभ तो होता ही है और किसी का जीवन भी बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मेडीकल साइंस के अनुसार एक स्वस्थ व्यक्ति को लगभग हर तीन चार महीने के रक्तदान करना चाहिए। रक्तदान शिविर से अर्जित रक्त जिला चिकित्सालय, खुरई सिविल अस्पताल,मेडीकल कॉलेज के रक्त कोषों में दे दिया जाता है। उन्होंने बताया कि पूरे मध्यप्रदेश में सागर और खुरई ऐसा अस्पताल है जहां पर साल भर ब्लड की कमी नहीं रहती। गरीब आदमी को सीधा इसका लाभ मिलता है।
पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि इस अभियान का ज्यादा से ज्यादा प्रचार प्रसार सोशल मीडिया के माध्यम से करना चाहिए व रक्तदान के क्या क्या फायदे है ये भी लोगों को बताना चाहिये। पार्षद, जनपद के अध्यक्ष, जनपद उपाध्यक्ष, नगर पालिका के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सरपंच, पार्टी के कार्यकर्ता, अधिकारीगण सभी अपना योगदान इस पुण्य आयोजन में करें। जनप्रतिनिधि वह होता है जो जनकल्याण के काम करें और जनता के द्वारा चुने हुए जनप्रतिनिधि के दायित्व को पूर्ण तरीके से निभायें।
जनप्रतिनिधियों की बैठक में खुरई विधानसभा क्षेत्र के भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल चौधरी, राजपाल सिंह राजपूत, रवीन्द्र सिंह, नीतेश यादव, अनिल पाराशर, अरविंद लोधी, खुरई नपा अध्यक्ष श्रीमती नन्हीं बाई अहिरवार, मालथौन नपं अध्यक्ष जयंत सिंह बुंदेला, बरोदिया नपं अध्यक्ष श्रीमती मीना कुशवाहा, बांदरी नपरिषद अध्यक्ष श्रीमती सुधा विश्वनाथ लोधी, सभी पार्षद, पंचायत पदाधिकारियों, सरपंच गण, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता आदि उपस्थित रहे।रहे। कार्यकर्ताओं की बैठक में पूर्व जिला पंचायत सदस्य अरविंद सिंह तोमर, बखत सिंह, संजय दुबे, मुकेश शुक्ला, गोपाल सेन, लाखन सिंह यादव, कोमल प्रजापति, अनुराग मल्होत्रा, राजेंद्र कल्लू यादव, बंटी पिठौरिया, मनोज राय, राम शास्त्री सहित अनेक कार्यकर्ता गण उपस्थित थे। मंच संचालन विकास पांडे ने किया।











