सागर
मध्यप्रदेश में डॉ. मोहन यादव सरकार का पहला मंत्रीमंडल विस्तार आज हो गया है। जिसमें सागर जिले की सुरखी विधानसभा से विधायक गोविंद सिंह राजपूत को शामिल किया गया है। गोविंद सिंह को राज्यपाल ने मंत्री पद की शपथ दिलाई। पहला चुनाव उन्होंने सुरखी विधानसभा से कांग्रेस की टिकट पर 2003 में लड़ा और चुनाव जीतकर विधायक बने। इसके बाद 2008 और 2018 में कांग्रेस की टिकट पर चुनाव जीते। 2018 में प्रदेश में बनी कांग्रेस सरकार में गोविंद सिंह राजपूत पहली बार राजस्व एवं परिवहन मंत्री बनाए गए। लेकिन 15 महीने के बाद सिंधिया के साथ गोविंद सिंह राजपूत ने भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा में शामिल होने के बाद 2020 में हुए उपचुनाव में वे सुरखी विधानसभा से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़े और जीतकर आए। जिसके बाद शिवराज सरकार में उन्हें राजस्व एवं परिवहन मंत्री बनाया गया था। अब उन्हें मोहन सरकार में मंत्री बनाया गया है।











