
सागर। शहर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में मारपीट और चाकूबाजी के मामले में पिछले तीन माह से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को मोतीनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से ही पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहयोग की मदद से घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया।
शराब के लिए मांगे थे 100 रुपये, मना करने पर किया हमला
पुलिस के अनुसार, घटना 5 जुलाई 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। संतकबीर वार्ड निवासी आकाश अहिरवार काम से घर लौट रहा था। इसी दौरान मछरयाई स्थित बैनी बाबा कुआं के पास आरोपी अजय उर्फ मुण्डे अहिरवार ने उससे शराब पीने के लिए 100 रुपये मांगे। रुपये देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। उसने फरियादी का मोबाइल पटककर तोड़ दिया और चाकू नुमा चाबी के छल्ले से हमला कर घायल कर दिया।
इसी दौरान मौके पर पहुंचे राधे अहिरवार और सूरज अहिरवार ने भी लोहे एवं प्लास्टिक के पाइप से मारपीट की। हमले में फरियादी के सिर, सीने, पैर और कंधे सहित शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी थी।
दो आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल
फरियादी की शिकायत पर मोतीनगर थाने में अपराध क्रमांक 772/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राधे अहिरवार (20) और सूरज अहिरवार (24), दोनों निवासी संतकबीर वार्ड को 26 जुलाई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। वहां से दोनों को जेल भेज दिया गया था।
वहीं, मामले का मुख्य आरोपी अजय उर्फ मुण्डे अहिरवार (33), पिता भगवानदास अहिरवार, घटना के बाद से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह सागर शहर से बाहर और दूसरे जिलों में लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
सागर लौटते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
पुलिस को 30 अक्टूबर को सूचना मिली कि फरार आरोपी सागर आया हुआ है। सूचना मिलते ही मोतीनगर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
थाना प्रभारी के निर्देशन में टीम की कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के निर्देशन में प्रधान आरक्षक शोऐब बेग, प्रकाश, नदीम शेख तथा आरक्षक राहुल, मधुर दुबे और बद्री सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सागर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपियों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।







