सागर को स्टार्टअप्स और उद्यमशीलता का गढ़ बनाना हमारा उद्देश्य : कलेक्टर  दीपक आर्य

सागर को स्टार्टअप्स और उद्यमशीलता का गढ़ बनाना हमारा उद्देश्य : कलेक्टर  दीपक आर्य

इन्क्यूबेशन सेंटर की मदद से उत्साही युवा, महिलाएं एवं अन्य नवउद्यमी अपने इनोवेशन से सपनों को पूरा कर सागर की अर्थव्यवस्था सहित प्रदेश और देश की प्रगति में सहयोगी बनें: कलेक्टर

सागर दिनांक 31 जुलाई 2024

सागर स्मार्ट सिटी को स्टार्टअप्स और उद्यमशीलता का गढ़ बनाना हमारा उद्देश्य है, जहां सागर सहित बुंदेलखण्ड के युवा, महिलाएं एवं अन्य नवउद्यमी अपने इनोवेशन से सपनों को पूरा कर सकें और सागर की अर्थव्यवस्था सहित प्रदेश और देश की प्रगति में अपना बहूमूल्य योगदान दे सकें। यह बात कलेक्टर श्री दीपक आर्य ने सागर स्मार्ट सिटी द्वारा स्थापित स्पार्क इन्क्यूबेशन सेंटर के संचालन हेतु गठित समिति सदस्यों को इन्क्यूबेशन सेंटर के कुशल संचालन के निर्देश देते हुये कही। उन्होंने सागर में स्टार्टअप ईकोसिस्टम को बढ़ावा देने के लिए इन्क्यूबेशन सेंटर के बेहतर संचालन हेतु स्मार्ट सिटी की चार सदस्यीय इनहाउस समिति गठित की है। इन्क्यूबेशन सेंटर संचालन समिति के अध्यक्ष निगमायुक्त सह कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ स्मार्ट सिटी श्री राजकुमार खत्री इस सेंटर के माध्यम से होने वाली प्रत्येक गतिविधियों पर नजर रखेंगे। कलेक्टर श्री आर्य के मार्गदर्शन में इन्क्यूबेशन सेंटर की संचालन समिति अध्यक्ष, प्रोजेक्ट इंचार्ज, आईटी एक्सपर्ट एवं सहायक प्रोजेक्ट इंचार्ज इस सेंटर का संचालन करेंगे। कलेक्टर श्री आर्य के निर्देशानुसार जल्दी ही एक कार्यशाला ओल्ड आरटीओ परिसर में बनी अत्याधुनिक इन्क्यूबेशन सेंटर बिल्डिंग में आयोजित की जायेगी। इस कार्यशाला में सागर के सभी स्कूलों, कॉलेजों के उत्साही बच्चे जिन्हें स्टार्टअप में रूचि है और अपने इनोवेशन, आईडिया को स्टार्टअप बनाना चाहते हैं उन्हें आमंत्रित किया जायेगा, इसके साथ ही महिला नवउद्यमी, युवाउद्यमी आदि अन्य इच्छुक व्यक्ति भी कार्यशाला में शामिल हो कर स्पार्क इन्क्यूबेशन सेंटर सहित स्टर्टअप सिस्टम की विस्तार से जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। कलेक्टर श्री दीपक आर्य, नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री, उद्योग विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों एवं स्टार्टअप कंसलटेंट आदि द्वारा इस कार्यशाला के दौरान मार्गदर्शन प्रदान किया जायेगा और स्पार्क इन्क्यूबेशन सेंटर में नये बैच हेतु रजिस्ट्रेशन किये जायेंगे। इन रजिस्टर्ड युवाओं एवं अन्य नवउद्यमियों को स्टार्टअप स्थापित करने हेतु इन्क्यूबेशन सेंटर बिल्डिंग की सुविधाओं सहित एक्सपर्ट मेंटरशिप व शीडफंडिंग जैसी अन्य सुविधाओं का लाभ दिलाया जायेगा।

इन्क्यूबेशन सेंटर बिल्डिंग में इन सुविधाओं का मिलेगा लाभ

अत्याधुनिक इन्क्यूबेशन सेंटर बिल्डिंग में युवाओं को नवउद्यमी से सफल स्टार्टअप बनने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन , मेंटरशिप एवं अन्य एक्सपर्ट सलाह आदि स्टार्टअप कंसलटेंट एवं उद्यमिता क्षेत्र के विद्वतजनों द्वारा समय-समय पर दी जायेगी। आवश्यक मार्गदर्शन पाकर रजिस्टर्ड आईडिया पर काम करते हुए युवा और नवउद्यमी 9 माह तक इस अत्याधुनिक इन्क्यूबेशन सेंटर में बैठकर अपने स्टार्टअप को सफल व्यापार में बदलने का सफर तय करेंगें। इसके बाद भी उन्हें जरूरत पड़ने पर आवश्यक सहयोग प्रदान किया जायेगा।इन्क्यूबेशन सेंटर बिल्डिंग के द्वितीय व तृतीय तल पर सर्वसुविधायुक्त इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित है। यहां युवाओं व नवउद्यमियों हेतु कोवर्किंग स्पेश देने के लिए आवश्यक फर्नीचर कुर्सी, टेबिल, लॉकर आदि सहित केबिन तैयार किये गए हैं। इन केबिनों में बैठकर स्टार्टअप ग्रुप में कार्य कर सकेंगे। इसके साथ ही आधुनिक बैठक व्यवस्था के तहत कार्पोरेट सिटिंग अरेंजमेंट यहां किया गया है। यहां एक मीटिंग हाल, विचार विमर्श हेतु डिस्कशन रूम, पर्याप्त लाइटिंग, इंटरनेट सुविधा सहित आईटी प्रबंधन व अग्निशमन सुरक्षा आदि सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

Leave a Comment

Read More