
पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह ने वात्सल्य स्कूल में ध्वजारोहण किया
विद्यार्थियों से कहा राष्ट्र निर्माण में आपकी भूमिका महत्वपूर्ण
सागर। पूर्व गृहमंत्री, वरिष्ठ विधायक भूपेन्द्र सिंह ने सागर के वात्सल्य स्कूल में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया। उन्होंने छात्र छात्राओं के बीच प्रेरक उद्बोधन दिया और स्कूल के मुख्य प्रांगण में कदंब वृक्ष का पौधा रोपा। स्कूल की संचालक डॉ. अलका श्रीवास्तव व सुधांशु श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह का आत्मीय स्वागत किया।
अपने उद्बोधन में पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि आप सभी बच्चे भारतवर्ष का भविष्य हैं और हमारे प्यारे भारत को सुरक्षित, आर्थिक महाशक्ति बनाने में आपकी बड़ी भूमिका होगी जिसके लिए आपको तैयार रहना है। किसी भी राष्ट्र और वहां के नागरिकों के लिए आजादी जीवन की सर्वप्रथम आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जो देश आज भी गुलामी की पीड़ा में हैं वे अनेक चुनौतियों और विपन्नताओं का सामना कर रहे हैं।
पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि जब से नरेन्द्र मोदी भारत के प्रधानमंत्री बने हैं उन्होंने देश के हर नागरिक को देश से जोड़ा है। आज प्रधानमंत्री श्री मोदी जी की प्रेरणा से देश के हर घर, गांव, शहर, स्कूल में तिरंगा है। एक राष्ट्रभक्त और कर्तव्य बोध से भरा देश उनके नेतृत्व में हमारे सामने है। देश के विकास, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता के लिए उन्होंने मिशन के रूप में काम किया जिसका परिणाम है कि आज हर बच्चा भी स्वच्छता का महत्व समझता है। प्रधानमंत्री ने कोविड काल में भी देश को एक सूत्र में बांध कर चुनौतियों का सामना करने की प्रेरणा दी और इसमें हर नागरिक की जनभागीदारी सुनिश्चित की।
पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि पर्यावरण और वृक्ष जीवन का आधार हैं। आप सभी छात्र छात्राओं ने आज सभी अतिथियों को सुंदर सुंदर पौधे भेंट किए हैं यह जागरूकता प्रधानमंत्री मोदी के एक वृक्ष मां के नाम अभियान का सुफल है। उन्होंने सभी बच्चों, अभिभावकों, टीचिंग स्टाफ और स्कूल के संचालक परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डॉ. अलका श्रीवास्तव व सुधांशु श्रीवास्तव जी ने वात्सल्य स्कूल के रूप में सागर को सर्वश्रेष्ठ शिक्षा का एक शानदार स्कूल दिया है।
इस अवसर स्कूल की संचालक डॉ. अलका श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि हमारे मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह ने इतनी मूल्यवान बातें आप सभी बच्चों को बताई हैं जो जीवन का निचोड़ हैं। हमें स्वतंत्रता आसानी से नहीं मिली है। इसके लिए लंबा संघर्ष किया गया लोग लड़े हैं तब हम इस लक्ष्य को पा सके और उत्सव मना सके। वे सभी योद्धा हमारे पूजनीय हैं। डा श्रीवास्तव ने कहा कि हमारे देश के सशस्त्र सैन्यबल आज भी अपने परिवारों को घरों पर छोड कर सीमाओं पर हमारी सुरक्षा कर रहे हैं। हमारा भी कर्तव्य बनता है कि हम अपने देश को प्रेम करें इसे आगे बढ़ाएं,अच्छे नागरिक बनें। समारोह में स्कूल के बच्चों ने आकर्षक बैंड के साथ शानदार परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।











