
कक्षा 5वीं, 8वीं के पेपर लीक करने वाला शिक्षक निलंबित: वाट्सएप ग्रुप पर पेपर किए वायरल, जिला शिक्षा अधिकारी ने की कार्रवाई
एमपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए सागर में जिला प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। लेकिन इसी बीच कक्षा 5वीं और कक्षा 8वीं के पेपर लीक होने का मामला सामने आया है। वाट्सएप ग्रुप पर पश्नपत्रों को वायरल कर दिया गया। यह करने वाला एक शिक्षक है। मामला सामने आते ही शिक्षा विभाग ने संज्ञान लिया और वाट्सएप ग्रुप पर पेपर वायरल करने वाले शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी निलंबन आदेश के अनुसार, जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केंद्र सागर के प्रतिवेदित में कहा गया कि शासकीय प्राथमिक शाला बेरसला विकासखंड सागर में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक पुरुषोत्तम पटेल ने 25 फरवरी की दोपहर में वार्षिक परीक्षा 2024-25 कक्षा 5वीं और 8वीं के प्रश्नपत्रों को वाट्सएप ग्रुप पर वायरल करते हुए परीक्षा की गोपनीयता भंग की है। शिक्षक पुरुषोत्तम पटेल का उक्त कृत्त्य परीक्षा अधिनियमों का उल्लघन, गंभीर कदाचरण, शासकीय लोक सेवक के प्रतिकूल होने के कारण मप्र सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 का उल्लंघन के परिणाम स्वरूप मप्र सिविल (वर्गीकरण, नियंत्रण व अपील) नियम 1966 के तहत दंडनीय है। जिस पर जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने परीक्षा की गोपनीयता भंग करने पर शासकीय प्राथमिक शाला बेरसला में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक पुरुषोत्तम पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।











