शासकीय कला एवं वाणिज्य कॉलेज में 15 दिवसीय ब्यूटीशियन व राखी निर्माण प्रशिक्षण का शुभारंभ

शासकीय कला एवं वाणिज्य कॉलेज में 15 दिवसीय ब्यूटीशियन व राखी निर्माण प्रशिक्षण का शुभारंभ

  • पीएम-उषा योजना के तहत छात्राओं को स्वावलंबी बनाने की अनूठी पहल
  • कौशल आधारित शिक्षा से खुलेगा स्वरोजगार का मार्ग: प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता

सागर / शासकीय कला एवं वाणिज्य अग्रणी महाविद्यालय, सागर में ‘पीएम-उषा योजना’ के अंतर्गत छात्राओं को आत्मनिर्भर और कौशल संपन्न बनाने के उद्देश्य से 15 दिवसीय ब्यूटीशियन एवं राखी निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का उत्साहपूर्ण शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में कौशल विकास को बढ़ावा देकर उन्हें स्वरोजगार के प्रति प्रेरित करना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में कौशल आधारित शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। ऐसे प्रशिक्षण न केवल विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं, बल्कि उन्हें भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर और स्वतंत्र अवसर भी प्रदान करते हैं।
समारोह की मुख्य अतिथि डॉ. ज्योति चौहान और विशिष्ट अतिथि डॉ. नीलिमा पिंपलापुरे ने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि ब्यूटीशियन एवं हस्तनिर्मित राखी निर्माण जैसे हुनर आगे चलकर सफल उद्यमिता का मजबूत आधार बनते हैं। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में ऐसे व्यावहारिक प्रशिक्षणों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

व्यावहारिक पहलुओं पर केंद्रित होगा प्रशिक्षण:

स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ. प्रतिभा जैन ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए बताया कि इस 15 दिवसीय प्रशिक्षण में विषय विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को ब्यूटीशियन के विभिन्न व्यावहारिक गुर सिखाने के साथ-साथ आकर्षक व कलात्मक राखी निर्माण का प्रशिक्षण दिया जाएगा। विशेषज्ञ प्रशिक्षक सलमा खान ने प्रशिक्षण की कार्ययोजना साझा करते हुए बताया कि सत्र पूरी तरह व्यावहारिक (प्रैक्टिकल) होगा ताकि छात्राएं स्वयं का रोजगार स्थापित कर सकें। महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. संदीप सबलोक ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कॉलेज की छात्राएं बड़ी उत्सुकता के साथ भाग ले रही हैं।

Leave a Comment

Read More