
जिला शहर कांग्रेस ने दिया पत्रकारों को समर्थन
खनिज अधिकारी द्वारा पत्रकार पर अभद्रता, गाली गलौज करना निंदनीय -आशीष ज्योतिषी
मामले की उच्च स्तरीय जांच होना चाहिए- राजकुमार पचोरी
सागर 10 मार्च। लोकतंत्र में प्रेस और पत्रकारों को स्वतंत्रता प्रदान की गई है। यह देश के चौथे स्तंभ कहे जाते हैं लेकिन भाजपा शासन काल के अधिकारी इतनी निरंकुश हो गए हैं कि पत्रकारों पर ही अभद्रता गाली गलौज एवं हमला करने लगे हैं। और फिर अपने पावर का दुरपयोग कर उन्ही पर मामला दर्ज कराते हैं। पत्रकारों का प्रश्न पूछना संविधान के दायरे में आता है। देश के संविधान में सूचना का अधिकार इसलिए दिया गया है। पत्रकार मुकुल शुक्ला पर खनिज अधिकारी द्वारा की गई अभद्रता, गाली गलौज एवं पत्रकार पर झूठा मामला दर्ज किए जाने का जिला शहर कांग्रेस कमेटी विरोध करती है एवं मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग करती है। यह बात कहते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता आशीष ज्योतिषी ने कहा कि प्रेस और पत्रकारिता की समाज के प्रति जिम्मेदारी होती हैं, जिसे वह सहजता से निभाता है। इसके लिए वे लगातार कार्य कर खबर लोगो तक पहुंचाते हैं। प्रशासन को चाहिए कि पत्रकारों को संरक्षण प्रदान करें,न कि उन पर अभद्रता गाली गलौज एवं हमले कराकर उल्टे मामले दर्ज कराए। जिला शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजकुमार पचौरी ने पत्रकारों के आंदोलन को समर्थन प्रदान किया है एवं खनिज अधिकारी पर मामला दर्ज करने की मांग की है।











