
ईशुरवारा में आगजनी से खेत में जली फसल का विधायक लारिया ने लिया जायजा
सागर/30.03.2025
ग्राम ईशुरवारा में विगत दिवस पूर्व सरपंच महेश विश्वकर्मा की गेहूं की खड़ी फसल में भीषण आग लगने से जलकर खाक होने की सूचना पर रविवार को नरयावली विधायक इंजी.प्रदीप लारिया मौका मुआयना करने पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से आगजनी से हुए नुकसान के बारे में जानकारी ली और घटना के कारणों की भी जानकारी लेने का प्रयास किया। पीड़ित महेश विश्वकर्मा ने बताया कि कड़ी मेहनत से खेत में गेहूं की फसल को उगाया था। फसल खेत में तैयार खड़ी थी। अपने घर ले जाने की तैयारी में जुटे थे लेकिन अचानक ही आग लगने से फसल नष्ट हो गई।
विधायक लारिया ने फसल के नुकसान को लेकर दुख व्यक्त किया। विधायक लारिया ने मौके पर मौजूद हल्का पटवारी रावत को निर्देशित किया कि किसान की फसल के नुकसान होने का आकलन करें और सरकारी नियमानुसार उन्हें मुआवजा दिलाया जाए। किसान को सरकारी प्रावधान के मुताबिक मुआवजा मिलना चाहिए।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सोहन लोधी, कृष्ण मुरारी यादव, ओमहरि पांडे, नारद यादव, शोभाराम साहू, सरपंच राम सिंह यादव, रामजी राजपूत, गोल्डी जैन सहित स्थानीय नागरिक मौजूद थे।











