
स्वास्थ्य सेवाओं में कोई कमी बर्दाश्त नहीं, निर्माण कार्य समय-सीमा में पूरे हों : विधायक इंजी. प्रदीप लारिया
(विधानसभा स्तरीय समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग के शीर्ष अधिकारियों, इंजीनियरों एवं कार्य एजेंसियों के साथ विकास कार्यों और चिकित्सा व्यवस्थाओं की हुई व्यापक समीक्षा)
सागर, 11 जुलाई। नरयावली विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त, आधुनिक एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में शनिवार को सिविल अस्पताल मकरोनिया में विधानसभा स्तरीय स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने की।
विधानसभा स्तर पर आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचएमओ) डॉ. देवेश पटैरया की विशेष उपस्थिति रही। उनके साथ डॉ अंकित बोहरे , बीएमओ राहतगढ़ डॉ.विकास फुसकेले, सिविल अस्पताल मकरोनिया प्रभारी डॉ. श्वेता स्टीफन, डॉ.एम.के.बरेठिया, डॉ.दीपक दुबे, डॉ. शरद तिवारी, डॉ.आकांक्षा नायक, डॉ. भाव्या केशरवानी, डॉ.गौरव कुमार, डॉ. राहुल मखारिया,जनप्रतिनिधियों में नपाध्यक्ष मिहीलाल, पार्षद बलवंत ठाकुर, विवेक सक्सेना, विधायक प्रतिनिधि राजू मिश्रा, पवन शर्मा, विभागीय इंजीनियर तथा विभिन्न निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। स्वास्थ्य विभाग के शीर्ष अधिकारियों एवं तकनीकी अमले की उपस्थिति में क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और अधोसंरचना विकास की गहन समीक्षा की गई।
विधायक लारिया ने सिविल अस्पताल मकरोनिया तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पामाखेड़ी, परसोरिया, नरयावली एवं कर्रापुर में संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्माणाधीन सिविल अस्पताल के दिसम्बर माह तक कार्य पूर्ण कर पूर्ण सिविल अस्पताल तैयार करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध चिकित्सकीय सेवाओं, डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता, आवश्यक उपकरणों, दवा व्यवस्था तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े विषयों पर भी गंभीरता से चर्चा की गई। विधायक श्री लारिया ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक स्वास्थ्य संस्थान में मरीजों को संवेदनशील, गुणवत्तापूर्ण एवं समय पर उपचार उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
विधायक लारिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नरयावली विधानसभा में भी स्वास्थ्य अधोसंरचना का विस्तार, नए निर्माण कार्यों की गति और चिकित्सा सुविधाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए ताकि उनका लाभ शीघ्र से शीघ्र क्षेत्र की जनता तक पहुंचे।
बैठक में निर्माणाधीन स्वास्थ्य परियोजनाओं की प्रगति, आगामी कार्ययोजना तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक के उपरांत विधायक लारिया ने सीएचएमओ पटैरया और समस्त अधिकारियों के साथ सिविल अस्पताल का निरीक्षण किया और परिसर में वृक्षारोपण किया।











