जन्माष्टमी पर रुद्राक्ष धाम मंदिर प्रांगण में आयोजित भजन संध्या की तैयारियों को लेकर अविराज ने युवाओं की बैठक

जन्माष्टमी पर रुद्राक्ष धाम मंदिर प्रांगण में आयोजित भजन संध्या की तैयारियों को लेकर अविराज ने युवाओं की बैठक ली

सागर। आगामी 16 अगस्त को श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर रुद्राक्ष धाम मंदिर प्रांगण में सुप्रसिद्ध भजन गायक  हंसराज रघुवंशी की भजन संध्या एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की तैयारियों को लेकर युवा भाजपा नेता अविराज सिंह की अगुवाई में युवाओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन को गरिमापूर्ण, व्यवस्थित रूप से सफल बनाने के लिए रूपरेखा बनाई गई।

बैठक में उपस्थित युवा टीम को संबोधित करते हुए युवा नेता अविराज सिंह ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बामोरा के रूद्राक्ष धाम प्रांगण में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष के कार्यक्रम में भारत के सुप्रसिद्ध भजन गायक श्री हंसराज रघुवंशी जी द्वारा भजनों की भव्य प्रस्तुति होगी और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री  प्रहलाद पटेल जी के द्वारा दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभ आरंभ होगा। हम सभी मिलकर इस आयोजन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनायेंगे। अविराज सिंह ने बताया कि 39 करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण से पावन हुये रूद्राक्ष धाम परिसर स्थित भगवान श्री राधा कृष्ण जी के मंदिर में प्रातः 7 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम पूरे प्रागंण में होगें और रात्रि 12 बजे तक यह कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे। भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर संतों के द्वारा भगवान श्री कृष्ण का जन्म के पश्चात अभिषेक होगा।

उन्होंने कहा कि आप सभी को इस भक्ति भाव से भरे आयोजन में आमंत्रित कर रहा हूँ। 16 तारीख को रात्रि 12 बजे श्री कृष्ण जन्म की शुभ बेला तक रुद्राक्ष धाम मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु जन भगवान श्री बांके बिहारी जी के अलौकिक दर्शन करने और भक्ति रस में डूबने आयेंगे जिनकी सुविधाओं और भक्ति भाव के आदर सहित सभी आवश्यक व्यवस्थायें आयोजन स्थल पर होंगी। इन सभी व्यवस्थाओं में युवा टीम को सक्रिय सहयोग और योगदान देना है इसके लिए भी आप सभी को मैं आमंत्रित कर रहा हूँ। आप सभी साथी कार्यक्रम के पोस्टर्स को सोशल मीडिया पर अधिक से अधिक शेयर करें ताकि भगवान श्री कृष्ण कन्हैया जी के जन्मोत्सव पर हो रहे इस सुंदर आयोजन का पुण्य लाभ सभी श्रद्धालुजन उठा सकें। बैठक में बड़ी संख्या में युवा शक्ति ने भाग लिया।

Leave a Comment

Read More